'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत...', BRICS डिनर में छाए मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम; गाया किशोर कुमार का गाना
BRICS डिनर के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का मशहूर गीत गाकर महफिल में रंग जमा दिया. पीएम मोदी की मेजबानी में हुए इस खास आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है.
नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट के दौरान शनिवार की शाम का माहौल उस वक्त खास हो गया, जब मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बॉलीवुड के मशहूर गाने की धुन छेड़ दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स डिनर के दौरान अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत गाया. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और गाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
ब्रिक्स समिट में शामिल होने भारत पहुंचे अनवर इब्राहिम ने दिल्ली के एक होटल में पियानो के साथ हिंदी फिल्म का क्लासिक गाना गाया. उन्होंने वर्ष 1965 में रिलीज हुई फिल्म 'तीन देवियां' का लोकप्रिय गीत 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' अपनी आवाज में पेश किया. यह गीत किशोर कुमार की यादगार प्रस्तुतियों में शामिल है.
Also Read
अनवर इब्राहिम का बॉलीवुड प्रेम
अनवर इब्राहिम का हिंदी सिनेमा और उसके संगीत के प्रति लगाव पहले भी सामने आता रहा है. भारत के साथ उनकी बातचीत और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बॉलीवुड के प्रति उनकी दिलचस्पी कई बार देखने को मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने एक आधिकारिक वीडियो साझा किया था.
इस वीडियो में लोकप्रिय फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' का चर्चित गीत 'बोले चूड़ियां' सुनाई दिया था. भारत यात्रा के दौरान अनवर ने देश की सभ्यता, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की भी सराहना की. उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों के समाधान की उम्मीद भी जताई.
पहली भारत यात्रा में रिश्तों को मिली नई दिशा
वर्ष 2022 में मलेशिया के प्रधानमंत्री बनने के बाद अनवर इब्राहिम की यह पहली भारत यात्रा है. इस दौरे के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक ले जाने पर सहमति जताई. डिजिटल तकनीक, पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए गए.
भारत और मलेशिया के रिश्तों में वर्ष 2019 के दौरान तनाव देखने को मिला था. उस समय तत्कालीन मलेशियाई प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े भारत के फैसले पर टिप्पणी की थी. इसके बाद दोनों देशों के संबंधों में खटास आई थी. अब अनवर इब्राहिम की भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में सुधार और सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.