मुस्कान की जगह महजबीन, नीला नहीं हरा ड्रम; महाराष्ट्र की महिला ने पति के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट

महाराष्ट्र के ठाणे इलाके से मेरठ की तरह एक नया अपराध का मामला सामने आया है. जिसमें एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी और उसके शव को ड्रम में डालकर नाले में फेंक दिया.

AI
Shanu Sharma

देश में पिछले साल ब्लू ड्रम की काफी चर्चा की गई. यह मामला मेरठ से जुड़ा था, जिसमें मुस्कान रस्तोगी नाम की महिला ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी थी. उसी तरह का अब एक नया मामला महाराष्ट्र से सामने आया है. लेकिन इस बार मामला बिल्कुल उलटा है.

महाराष्ट्र से सामने आ रहे इस मामले में महिला ने अपने पति, भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी. इसके बाद शव को एक ड्रम में डाल दिया और उस ड्रम को नाले में फेंक दिया. यह मामला 3 अप्रैल का बताया जा रहा है.

क्या है पूरा मामला?

ठाणे के मुंब्रा इलाके में रहने वाले अरबाज मकसूद अली खान नाम के एक व्यक्ति ने अपने घर से निकलते समय परिवार वालों को कहा कि वह किसी काम के लिए दादर जा रहा है. लेकिन उस दिन के बाद वह कभी वापस नहीं लौटा. घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जिसके बाद फिर अरबाज की तलाशी शुरू की गई.

पुलिस ने खान के कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा निकाला, जिसमें कई खुलासे हुए. अरबाज की आखिरी लोकेशन वसई इलाके की थी. उस समय पर उसकी गर्लफ्रेंड, महजबीन शेख का फोन भी इसी इलाके में लोकेट हुआ. जिसके बाद पुलिस को महजबीन पर शक हुआ. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेते हुए पूछताछ शुरू की. महिला ने शुरुआत में कोई भी जानकारी नहीं दी, लेकिन जब पुलिस की ओर से सख्ती की गई, तो उसने सारे जुर्म कबूल कर लिए.

पुलिस ने दी मामले की जानकारी

पुलिस ने इस मामले की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि महजबीन को जब खान से कुछ नहीं मिला तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे पीटा और फिर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि पिटाई की वजह जब खान की मौत हो गई तब उसने उसके शव को एक हरे रंग के ड्रम में डाल दिया और मुंब्रा इलाके के एक नाले में फेंक दिया. महिला की गिरफ्तारी हो गई है, लेकिन उसका पति और अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है. यह मामला एक बार फिर से मुस्कान रस्तोगी के मामले की याद दिलाता है.