मुंबई: 'बिग बॉस 18' की लोकप्रियता हासिल करने वाले अभिनेता अविनाश मिश्रा ने मुंबई में अपना पहला घर खरीद लिया है. 10 साल की मेहनत, संघर्ष और धैर्य के बाद यह सपना पूरा होने पर अविनाश भावुक हो गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर गृह-प्रवेश की तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी खुशी जताई.
अविनाश ने लिखा- 'ॐ नमः शिवाय. आखिरकार, मुंबई में अपना घर! 10 साल लगे और अब मैं गर्व से कह सकता हूं कि मैंने कर दिखाया. 10 साल की कड़ी मेहनत, धैर्य और विश्वास.' इस पोस्ट में उनके परिवार की खुशी साफ नजर आ रही है. गृह-प्रवेश के मौके पर उनके माता-पिता भी मौजूद थे. पूरे परिवार ने मिलकर इस खुशी को मनाया.
अविनाश ने अपने शुरुआती दिनों की याद करते हुए बताया कि जब वह मुंबई आए थे तो उनके मन में सिर्फ सवाल ही सवाल थे. 'कैसे होगा? क्या होगा? कब होगा? क्या मैं इस शहर में टिक पाऊंगा?' उन्होंने कहा कि भगवान सबकी जिंदगी की स्क्रीनप्ले परफेक्ट टाइमिंग और परफेक्ट क्लाइमेक्स के साथ लिखते हैं. 10 साल की इस लंबी यात्रा में कभी हार नहीं मानी.
अविनाश ने अपने भाई और भाभी का भी खास तौर पर शुक्रिया अदा किया. उन्होंने उन्हें परिवार की रीढ़ बताया. उनके अनुसार परिवार का साथ और सपोर्ट ही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत देता रहा. गृह-प्रवेश समारोह में पूरे परिवार का इकट्ठा होना इस बात को और खास बना गया. बिग बॉस 18 में हिस्सा लेने के बाद अविनाश की पहचान में काफी इजाफा हुआ. अब वे 'खतरों के खिलाड़ी 15' में भी हिस्सा लेने जा रहे हैं. इस मुश्किल शो की तैयारी के बीच घर खरीदने की खुशी उनके लिए दोगुनी हो गई है.
अविनाश की कहानी कई युवाओं के लिए प्रेरणा है. मुंबई जैसे महंगे शहर में घर खरीदना किसी सपने को साकार करने जैसा है. 10 साल पहले जब वे यहां आए थे तो छोटे-छोटे कमरों में रहना और ऑडिशन के लिए भागना उनकी रोजमर्रा की जिंदगी थी. फैंस भी इस खबर से काफी खुश हैं. सोशल मीडिया पर ढेर सारे शुभकामनाएं और प्यार भरे मैसेजेस आ रहे हैं.