Ajit Pawar Taunts Sharad Pawar: अजित पवार (Ajit Pawar) ने एक बार फिर से अपने चाचा शरद पवार (Sharad Pawar) पर कटाक्ष किया है. महाराष्ट्र (Maharashtra) के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने शरद पवार की उम्र को लेकर परोक्ष रूप से तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग 80 वर्ष से ज्यादा उम्र के हो जाने पर भी राजनीति से रिटायर नहीं होना चाहते.
अजित पवार ने ठाणे में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, 'महाराष्ट्र सरकार के कर्मचारी 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं. ज्यादातर लोग 75 वर्ष की आयु के होने के बाद अपने सक्रिय पेशेवर जीवन को आमतौर पर रोक देते हैं. लेकिन कुछ ऐसे लोग (शरद पवार जैसे) भी हैं जो 80 वर्ष की आयु को पार कर और अब 84 वर्ष के होने पर भी सेवानिवृत्ति के लिए तैयार नहीं हैं.'
अजित पवार ने ये भी कहा, ''हम यहां काम करने के लिए हैं और हम काम करेंगे.'' उन्होंने कहा कि वो लोगों की सेवा करने के लिए राज्य सरकार में शामिल हुए हैं. मराठा समुदाय को आरक्षण के लिए चलाए जा रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कार्यकर्ता मनोज जरांगे को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए अजित ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
बता दें कि, अजित पवार और उनके प्रति निष्ठा रखने वाले कुछ विधायक पिछले साल जुलाई में शिवसेना-भाजपा सरकार में शामिल हुए थे. इसके बाद, उन्होंने राकांपा के नाम और चुनाव चिह्न पर दावा किया था. इस कदम को राकांपा संस्थापक शरद पवार ने निर्वाचन आयोग में चुनौती दी थी.