महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है. इस मामले में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या के लिए काफी सोची-समझी साजिश रची. हालांकि पहली तीन कोशिश फेल होने के बाद चौथी बार में घटना को अंजाम दिया. मिल रही जानकारी के मुताबिक पति ने पहले तीन बार जहर देने की कोशिश की, फिर सुपारी देकर एक्सिडेंट का ढोंग रचा.
पुलिस ने इस मामले पर एक्शन लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला संग्रामपुर तालुका के पातुर्डा गांव का बताया जा रहा है. जिसमें एक मृतका वृषाली प्रकाश गावंडे एक शिक्षिका थीं. 2 मार्च की सुबह करीब साढ़े 6 बजे वे स्कूटी से स्कूल जा रही थीं, इसी दौरान एक सफेद टाटा पिकअप ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि वृषाली सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
शुरुआत में इस मामले की जांच में यह एक साधारण सड़क हादसा लग रहा था. इस दौरान उनके पति प्रकाश गावंडे मृतका के शव के पास बैठकर रोते दिखे. इससे पुलिस को भी संदेह नहीं हुआ, लेकिन मृतका के मायके वालों ने शक जताया. उन्होंने कहा कि यह एक्सिडेंट नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है. मामले की शिकायत मिलने के बाद जलगांव जामोद पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी.
जांच में पता चला कि जिस टाटा इंट्रा ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी वह चालक मनीष नारायण सिंह सूर्यवंशी की थी. पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, पूछताछ में मनीष ने पूरा राज खोल दिया. उसने कबूल किया कि प्रकाश गावंडे और उसके दोस्त मंगेश चुलकर ने उसे 1 लाख रुपये की सुपारी दी थी. सुपारी का मकसद वृषाली को स्कूटी से टकराकर मारना था, ताकि मामला अपघात जैसा लगे.
पुलिस के अनुसार, प्रकाश गावंडे ने पहले भी पत्नी को मारने की कई कोशिशें की थीं. तीन बार उन्होंने खाने में जहर मिलाकर वृषाली को मौत के घाट उतारने की कोशिश की, लेकिन हर बार वह बच गईं. जब ये कोशिशें नाकाम रहीं, तो प्रकाश ने ठंडे दिमाग से नया प्लान बनाया. उसने मित्र मंगेश की मदद से सुपारी किलर को काम पर लगाया. मनीष सूर्यवंशी ने तय योजना के मुताबिक कार चलाकर टक्कर मारी.
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रकाश गावंडे, मंगेश चुलकर और मनीष सूर्यवंशी तीनों को गिरफ्तार कर लिया. इन सभी आरोपियों के ऊपर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. न्यायालय ने तीनों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कार और सुपारी के पैसे भी जब्त किए हैं.