menu-icon
India Daily

Lok Sabha elections 2024: BJP की अब तक 267 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी, 21 फीसदी मौजूदा सांसदों को दोबारा मौका नहीं

Lok Sabha elections 2024: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार शाम को 72 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी. दोनों लिस्ट को मिलाकर भाजपा अब तक 267 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है. अब तक जिन 267 सीटों के लिए प्रत्याशियों का एलान हुआ है, उन सीटों पर मौजूदा 21 फीसदी सांसदों का टिकट काटा गया है.

India Daily Live
Lok Sabha elections 2024: BJP की अब तक 267 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी, 21 फीसदी मौजूदा सांसदों को दोबारा मौका नहीं

Lok Sabha elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से जारी अब तक के उम्मीदवारों की लिस्ट में 21% मौजूदा सांसदों को दोबारा जगह नहीं मिली है. बुधवार शाम को जारी 72 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची में भाजपा ने 9 केंद्रीय मंत्रियों और 3 पूर्व मुख्यमंत्रियों को चुनावी मैदान में उतारा. 72 में से 28 मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया गया.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब तक दोनों लिस्ट के जरिए 267 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है. NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों लिस्ट को मिलाकर करीब 21% मौजूदा सांसदों को इस बार मौका नहीं दिया गया है. 

पहली लिस्ट में पार्टी ने काटे थे 33 सांसदों के टिकट

भाजपा की पहली लिस्ट में 195 उम्मीदवारों में से 33 सांसदों का टिकट काटा गया था, जबकि 72 नामों वाली दूसरी सूची में 28 सांसदों का टिकट काटा गया है. दो सीटों के मौजूदा सांसदों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उनकी जगह नए उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारा गया है. भाजपा की पहली लिस्ट में 110 जबकि दूसरी लिस्ट में 30 सासंदों को दोबारा मौका दिया गया है. यानी 267 में से 140 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिन्हें लगातार दूसरी बार मैदान में उतारा गया है.

दूसरी लिस्ट में महाराष्ट्र और कर्नाटक से 20-20, गुजरात से 7, तेलंगाना और हरियाणा से 6-6, मध्य प्रदेश से 5, दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से 2-2, दादर और नगर हवेली से 1-1 उम्मीदवार शामिल हैं.

दिल्ली: 7 में से 6 मौजूदा सांसदों को नहीं मिला टिकट 

राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली में भाजपा ने 7 में से 6 मौजूदा सांसदों को टिकट नहीं दिया है. एकमात्र मौजूदा सांसद मनोज तिवारी को लगातर दूसरी बार मैदान में उतारा गया है. मनोज तिवारी उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं. जिन 6 सांसदों को टिकट नहीं मिला है, उनमें हर्ष वर्धन, मीनाक्षी लेखी, प्रवेश साहिब सिंह, रमेश बिधूड़ी, हंसराज हंस और गौतम गंभीर शामिल हैं.

महाराष्ट्र: 20 उम्मीदवार घोषित, 5 के टिकट काटे, 1 पर प्रत्याशी बदला

महाराष्ट्र में भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 23 सीटें जीती थीं. इन 23 में से 20 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है. घोषित किए गए 20 नामों में से 14 सांसदों को दोहराया गया, जबकि 5 के टिकट काटे गए हैं. एक सीट जिस पर उम्मीदवार बदला गया है, वो बीड लोकसभा सीट है, जहां से प्रीतम मुंडे की जगह उनकी बहन पंकजा मुंडे को टिकट दिया गया है.

गुजरात: दूसरी लिस्ट में 7 में से 4 के टिकट काटे

गुजरात के लिए जारी दूसरी लिस्ट में 7 मौजूदा सांसदों में से केवल 3 को ही दोहराया गया है, जबकि चार मौजूदा सांसदों के टिकट काटे गए हैं. 

हरियाणा: 10 सीटों में से 6 पर प्रत्याशी घोषित, 3 ही रिपीट

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से अब तक 6 के लिए प्रत्याशियों की घोषणा हुई है. इनमें से तीन मौजूदा सांसदों का टिकट काटा गया है. BJP ने दिवंगत नेता और पूर्व सांसद रतन लाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया को अंबाला से मैदान में उतारा है. माना जाता है कि ये सीट हरियाणा के पूर्व मंत्री अनिल विज की पसंदीदा सीट थी. हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल को भी टिकट नहीं दिया गया है. उनकी जगह कांग्रेस से आए अशोक तंवर को मैदान में उतारा गया है.

तेलंगाना: BRS और कांग्रेस से आए प्रत्याशियों पर ज्यादा भरोसा

तेलंगाना में, जिन उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने टिकट दिया है, उनमें से अधिकांश भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस से आए हैं. नाम न छापने की शर्त पर भाजपा के एक नेता ने कहा कि तेलंगाना के लिए अब तक घोषित किए गए 15 उम्मीदवारों में से 10 उम्मीदवार पिछले चार से पांच वर्षों में अन्य दलों से आए हैं. पार्टी ने अपने मूल कार्यकर्ताओं और नेताओं को नजरअंदाज करते हुए दलबदलू नेताओं पर ज्यादा भरोसा जताया है.

मध्य प्रदेश: दूसरी लिस्ट में 5 प्रत्याशी घोषित, 2 को ही दोहराया

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरी लिस्ट में घोषित मध्य प्रदेश के 5 उम्मीदवारों में से 2 सांसदों को दोहराया गया है और 2 को हटा दिया गया है. पहली सूची में भोपाल से सांसद प्रज्ञा ठाकुर समेत 10 मौजूदा सांसदों को बाहर कर दिया गया था.

कर्नाटक: 20 में से 11 सांसदों को बदला

कर्नाटक में घोषित 20 उम्मीदवारों में से 11 सांसदों को बदल दिया गया है. एक सीट जिस पर बदलाव किया गया है, वो मैसूर लोकसभा सीट है, जहां प्रताप सिम्हा को टिकट न देकर मैसूर शाही परिवार के यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार को चुनावी मैदान में उतारा गया है.