Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के बाद दिल्ली में भी इंडिया गठबंधन के बीच सीटों की सहमति बन गई है. कांग्रेस की दिल्ली में आम आदमी पार्टी से भी डील लगभग तय है. सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्टियों में गठबंधन पर बातचीत अंतिम दौरे में है. आप-कांग्रेस में सीटों पर सहमति बन गई है. केजरीवाल की पार्टी 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है.
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली की साउथ ,नॉर्थ वेस्ट ,नई दिल्ली और वेस्ट दिल्ली पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार सकती है. वहीं के खाते में चांदनी चौक, ईस्ट दिल्ली और नॉर्थ सीट जा सकती है. बीजेपी ने 2014 और 2019 में दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत हासिल की थी. 2019 में सभी सात सीटों पर बीजेपी का वोट शेयर 50% से ज्यादा था.
इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच सीट-बंटवारे का समझौता अंतिम चरण पर पहुंच गया है, हालांकि उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि चर्चा में बहुत देरी हुई. दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच सीटों पर सहमति बन गई है, उधर गुजरात में भी दोनों के बीच गठबंधन हो सकता है.
गुजरात में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को 2 से 3 सीट देना का प्रस्ताव दिया है. इसके साथ ही हरियाणा में दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है. हालांकि अभी तक आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच पंजाब में बात नहीं बन पाई. पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल में ऐलान किया था कि आम आदमी पार्टी राज्य की सभी 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच उत्तर प्रदेश में सीट-बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है. प्रदेश में कांग्रेस 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, शेष 63 सीटों पर अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी.