माथे पर तिलक, गले में रूद्राक्ष और हाथों में पूजा की थाली... अंबानी के वनतारा में मेसी का दिखा देसी अंदाज

भारत यात्रा के क्रम में मेसी गुजरात के जामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ सेंटर वनतारा पहुंचे. इस दौरे पर मेसी के साथ लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद रहे.

Anuj

नई दिल्ली: दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी हाल ही में 'गॉट इंडिया टूर' के तहत भारत की यात्रा पर आए थे. इस खास दौरे के दौरान उन्होंने देश के कई बड़े शहरों कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का भ्रमण किया. भारत यात्रा के इसी क्रम में मेसी गुजरात के जामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ सेंटर वनतारा पहुंचे. इस दौरे पर मेसी के साथ लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद रहे.

वनतारा में मेसी का भव्य स्वागत

वनतारा पहुंचने पर मेसी और उनके साथियों का बेहद भव्य और पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया. लोक संगीत की धुनें, फूलों की बारिश और आरती के जरिए भारतीय संस्कृति और मेहमाननवाजी की झलक देखने को मिली. यह स्वागत न सिर्फ खास था, बल्कि भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को भी खूबसूरती से दर्शाता नजर आया. मेसी इस अनुभव से काफी प्रभावित दिखे. 

देसी अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल

वनतारा में मेसी ने प्राकृतिक वातावरण और वहां मौजूद विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों को करीब से देखा. उन्होंने जानवरों के संरक्षण और देखभाल से जुड़े प्रयासों के बारे में भी जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने पारंपरिक हिंदू पूजा में भाग लिया और महा आरती में श्रद्धा के साथ शामिल हुए. पूजा के दौरान मेसी ने भारतीय परंपराओं का सम्मान करते हुए जूते उतारे, माथे पर तिलक लगाया और रुद्राक्ष की माला भी धारण की. इस वजह से उनका देसी अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

मेसी का सादा और आकर्षक लुक

अगर मेसी के पहनावे की बात करें, तो वनतारा में उनका लुक सादा लेकिन बेहद आकर्षक था. उन्होंने नेवी ब्लू रंग का ब्लेजर, मैचिंग ट्राउजर और अंदर सफेद रंग की सादी टी-शर्ट पहनी हुई थी. ब्लेजर की फिटिंग ने उनके लुक को स्मार्ट बनाया, जबकि टी-शर्ट ने इसे हल्का और आरामदायक रखा. ठंडे मौसम को देखते हुए उन्होंने हल्के भूरे रंग की एथनिक शॉल भी ओढ़ी थी, जिस पर हल्की कढ़ाई नजर आ रही थी. इस शॉल ने उनके वेस्टर्न आउटफिट में भारतीय रंग भर दिया. पैरों में सफेद स्नीकर्स के साथ उनका पूरा लुक बेहद संतुलित और स्टाइलिश दिखा.

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट रहे मौजूद

इस खास मौके पर अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट भी मेसी के साथ मौजूद रहे. अनंत अंबानी ऑल-ब्लैक आउटफिट, लंबे बाल और दाढ़ी में काफी प्रभावशाली नजर आए. वहीं, राधिका मर्चेंट ने हाई-नेक टॉप और बूटकट ट्राउजर पहन रखा था, जिसमें उनका अंदाज सादा, सुंदर और शालीन दिखाई दिया.

3,500 एकड़ में फैला वनतारा

वनतारा के बारे में बात करें, तो यह गुजरात के जामनगर में स्थित एक विशाल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू, रिहैबिलिटेशन और कंजर्वेशन सेंटर है. यह रिलायंस फाउंडेशन के तहत चलाया जाता है और इसे अनंत अंबानी द्वारा मैनेज किया जाता है. करीब 3,500 एकड़ में फैले इस सेंटर में डेढ़ लाख से ज्यादा जानवर रहते हैं. यहां हाथी, शेर, तेंदुए, हिरण, कछुए, घोड़े और कई दुर्लभ प्रजातियों की देखभाल की जाती है.