जम्मू-कश्मीर में चुनाव, अब लद्दाख में बनेंगे 5 नए जिले, बदलने लगी है तस्वीर?
Ladakh News: 2019 में केंद्र शासित प्रदेश बनाए जा चुके लद्दाख में अब 5 नए जिले बनाए जाएंगे. 2019 से पहले लद्दाख भी जम्मू-कश्मीर का ही हिस्सा हुआ करता था और पूर्ण राज्य हुआ करता था. अब यह एक ऐसा केंद्र शासित प्रदेश है जहां विधानसभा नहीं है.
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने लद्दाख में 5 नए जिले बनाने का ऐलान किया है. इसे एक नए बदलाव के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि लद्दाख पिछले 5 साल से केंद्र शासित प्रदेश बन गया है जहां अब विधानसभा भी नहीं है. दूसरी तरफ, जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद पहली बार वहां विधानसभा चुनाव कराए जा रहे हैं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि लद्दाख में अब 5 नए जिले होंगे. बता दें कि 2019 में लद्दाख को ऐसा केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था जहां विधानसभा नहीं है. वहां पर केंद्र सरकार उपराज्यपाल के जरिए शासन चलाती है.
अमित शाह ने इस बारे में एक ट्वीट में लिखा है, 'लद्दाख को विकसित और समृद्ध बनाने के पीएम मोदी के सपने को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने इस केंद्र शासित प्रदेश में 5 नए जिले बनाने का फैसला किया है. ये जिले जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग होंगे. इसके जरिए लोगों को मिलने वाले फायदे उनके दरवाजे तक पहुंचेंगे और लद्दाख के कोने-कोने में गवर्नेंस की पहुंच होगी. मोदी सरकार लद्दाख के लोगों के लिए पर्याप्त अवसर पैदा करने के प्रति प्रतिबद्ध है.'
इस संबंध में गृह मंत्रालय ने कहा है, 'केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लद्दाख प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वह नए जिलों के संबंधों में सभी पहलुओं पर विचार करने के लिए एक कमेटी बनाए. इसमें जिलों के हेडक्वार्टर, उनकी सीमा, उनकी संरचना, पदों के सृजन और जिला बनाने के लिए जरूरी अन्य चीजों पर चर्चा की जाएगी. यह कमेटी तीन महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर लद्दाख अपना अंतिम प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजेगा जिसके आधार पर फैसला लिया जाएगा.'
कितना बदल जाएगा लद्दाख?
बता दें कि अभी तक लद्दाख में सिर्फ दो ही जिले हुए करते थे. एक जिला था लेह और दूसरा था कारगिल. अब 5 नए जिले बनने के बाद जिलों की संख्या कुल 7 हो जाएगी और प्रशासनिक ढांचा और व्यापक हो जाएगा. लोकसभा चुनाव से पहले लद्दाख में हुए व्यापक प्रदर्शनों के बाद चर्चा शुरू हुई थी कि लद्दाख में अब कुछ नए जिले बनाए जा सकते हैं और लद्दाख ऑटोनोमस हिल डेवलमेंट काउंसिल (LAHDC) को ज्यादा शक्ति दी जा सकती हैं. बता दें कि जिन नुब्रा, द्रांस और जांस्कर को जिला बनाया गया है अभी तक वे करगिल जिले की तहसील हुआ करती थीं.
अभी तक लेह का प्रशासन दो जिलों और दो LAHDC के भरोसे चल रहा था. लंबे समय से जांस्कर और नुब्रा को अलग जिला बनाने की मांग भी हो रही थी.
इस खबर को अपडेट किया जा रहा है.
और पढ़ें
- 'LG हाउस की दीवारों के पीछे छिपिए मत, आइए मुझसे बहस करिए...', सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल को दी डिबेट की चुनौती
- आरक्षण-गेस्ट हाउस बहाना, BJP की तारीफ और कांग्रेस पर निशाना, क्रीमी लेयर को लेकर क्या सोच रही हैं मायावती?
- 'बार-बार एक ही बात बताते हुए थक चुकी हूं', मलयालम एक्टर पर रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता का दर्द