पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया घटनाक्रम सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ एक पारिवारिक समारोह में खुशी के पल बिताते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 7 मई का है, जो 18 जून को हुई केतन की मौत से करीब एक महीने पहले रिकॉर्ड किया गया था.
वीडियो को उस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाली गायिका रितु शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है. वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं.
वायरल वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल तथा पूजा गोयल अन्य रिश्तेदारों के साथ कार्यक्रम का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं. एक वीडियो में केतन के पिता लोकप्रिय गीत यम्मा यम्मा गाते हुए नजर आते हैं, जबकि समारोह में मौजूद लोग संगीत की धुन पर झूमते दिखाई देते हैं. कुछ देर बाद केतन अपने होने वाले ससुर प्रवीण गोयल के साथ फिल्म गदर के गीत मैं निकला गड्डी लेके पर डांस करते दिखें थे. वीडियो में दोनों परिवारों के बीच आत्मीयता और खुशहाल माहौल स्पष्ट दिखाई देता है.
वीडियो साझा करते हुए गायिका रितु शर्मा ने लिखा कि कार्यक्रम के दौरान दोनों परिवार बेहद खुश थे और किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि कुछ ही सप्ताह बाद इतनी बड़ी त्रासदी घट जाएगी. उन्होंने केतन को एक मासूम और विनम्र युवक बताते हुए लिखा कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद केतन ने उनसे आग्रह किया था कि वे भोजन किए बिना न जाएं. रितु शर्मा ने अपने संदेश में केतन के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा कि किसी रिश्ते को स्वीकार न करना अलग बात है, लेकिन किसी की जान ले लेना बहुत ही अलग बात है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.