IPL 2026

भगवान कृष्ण को मांसाहारी खाने के साथ दिखाने वाले पोस्टर पर बवाल, केरल में दो युवक गिरफ्तार; रेस्तरां मालिक ने मांगी माफी

केरल के चेरथला में एक रेस्टोरेंट के विशु प्रमोशन पोस्टर में युवा भगवान कृष्ण को अरबी मांसाहारी व्यंजन ‘कुझी मंथी’ के साथ दिखाए जाने का मामला सामने आया.

Pinterest
Reepu Kumari

तिरुवनंतपुरम: केरल के चेरथला में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला एक संवेदनशील मामला सामने आया है. विशु दिवस के प्रचार के लिए बनाए गए एक पोस्टर में भगवान कृष्ण को मांसाहारी व्यंजन ‘कुझी मंथी’ के सामने बैठे हुए दिखाया गया था. इस पोस्टर को व्हाट्सएप पर शेयर करने के आरोप में शुक्रवार को दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

रेस्टोरेंट मालिक ने तुरंत सफाई दी और कहा कि पोस्टर बनाने का काम बाहर के डिजाइनर को सौंपा गया था. उनकी लापरवाही के कारण यह विवादित छवि तैयार हुई. मालिक ने टीवी चैनलों पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और स्पष्ट किया कि इस पोस्टर का उनके आधिकारिक प्रचार या सोशल मीडिया पर कहीं इस्तेमाल नहीं किया गया.

पोस्टर में क्या था विवादास्पद

पोस्टर में युवा कृष्ण को कुझी मंथी नामक अरबी मांसाहारी डिश परोसे जाते हुए दिखाया गया था. हिंदू समुदाय ने इसे अपनी धार्मिक भावनाओं का अपमान माना और तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. लोगों ने इसका विरोध किया. साथ ही यह भी कहा कि अपने धर्म से प्यार है इसका मतलब ये नहीं कि तुम दूसरों के धर्म को नीचा दिखाओ. कुछ यूजर ने लिखा कि 'हिंदू तो किसी के धर्म के बारे में कुछ नहीं कहते हैं फिर ये क्यों ऐसा करते हैं.'

किस धारा में केस दर्ज

चेरथला पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह धारा दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाने से संबंधित है. 

पुलिस की सतर्कता

हिंदू संगठन द्वारा रेस्टोरेंट तक विरोध मार्च निकालने की खबर के बाद पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. 

रेस्टोरेंट मालिक का बयान

पुलिस की मानें तो मालिक ने कहा कि पोस्टर डिजाइन का काम तीसरे पक्ष को दिया गया था. उन्होंने अपनी टीम की कोई गलती न होने पर जोर देते हुए पूरे मामले पर खेद व्यक्त किया. 

वर्तमान स्थिति

दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं. पुलिस आगे की जांच कर रही है. स्थानीय प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है ताकि शांति भंग न हो. पुलिस पूरे मामले पर अपनी नजर बनाए हुए है.