ग्रेनाइट पत्थर से तोड़ी पसलियां... फिर हाथ-पैर रस्सी से बांधकर नहर में फेंका, केरल में युवक पर खौफनाक हमला
कोच्चि के अलुवा रेलवे स्टेशन के पास 28 वर्षीय जोफिन जोजू पर दो लोगों ने कथित तौर पर हमला कर लूटपाट की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
कोच्चि: केरल के कोच्चि में अलुवा रेलवे स्टेशन के पास 28 वर्षीय युवक के साथ लूट के दौरान बेहद बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि दो लोगों ने पहले युवक पर पत्थर से हमला किया, फिर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे नहर में फेंक दिया. इसके बाद आरोपियों ने उसके शरीर पर ग्रेनाइट का पत्थर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और सामान लूटकर फरार हो गए.
घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, कोच्चि के पास कोडानाड निवासी जोफिन जोजू रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दो आरोपियों ने उन पर पत्थर फेंका, जिससे उनके सिर में चोट लगी. इसके बाद दोनों ने उन पर हमला करना शुरू कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
एफआईआर के मुताबिक जोफिन ने हमलावरों से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया. दोनों ने रस्सी से उनके हाथ और पैर बांध दिए और उन्हें पास की नहर में लात मारकर गिरा दिया. इस हमले में उनके दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हुआ और ठुड्डी पर भी चोट आई.
Also Read
आरोप है कि नहर से बाहर आने के बाद भी हमलावरों ने जोफिन को नहीं छोड़ा. जब वह जमीन पर पड़े थे, तब आरोपियों ने उन्हें लात मारी और दाहिनी पसलियों पर बार-बार ग्रेनाइट का पत्थर मारा. पुलिस के अनुसार, इस हमले में उनकी दाहिनी ओर की तीन पसलियां टूट गईं. युवक के हाथ और पसलियों में कई फ्रैक्चर हुए हैं.
जोफिन को दी जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने कथित तौर पर जोफिन को जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद उनके बैग से 1,000 रुपये और गले में पहनी चेन लेकर दोनों मौके से फरार हो गए. गंभीर हालत में जोफिन ने बाद में अपने दोस्तों से संपर्क किया. दोस्तों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
जोफिन का फिलहाल कोच्चि के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है. उनकी हालत को लेकर डॉक्टरों की निगरानी जारी है. मामले की सूचना मिलने के बाद अलुवा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. अधिकारियों के मुताबिक इलाके में इसी तरह की चोरी की घटनाओं में संदिग्ध रहे लोगों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने कई संदिग्धों की पहचान करने का दावा किया है और उनकी तलाश कर पूछताछ की कोशिश की जा रही है.