केरल की अरुंधति ने CM योगी को लिखा भावुक पत्र, दिसंबर में शादी में आने का दिया न्योता

केरल की अरुंधति ने बचपन में योगी आदित्यनाथ के वीडियो से भावनाओं को स्वीकार करने की सीख ली। अब उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी दिसंबर में होने वाली शादी का निमंत्रण भेजा है.

anuj kumar
Sagar Bhardwaj

केरल की अरुंधति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो जीवन की अहम सीख बन गया. बचपन में वह छोटी-छोटी बातों पर रो पड़ने को अपनी कमजोरी मानती थीं, लेकिन योगी का भावुक वीडियो देखने के बाद उनका नजरिया बदल गया. अब अपनी शादी के मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को दो पन्नों का हाथ से लिखा पत्र भेजकर समारोह में शामिल होने और नवदंपती को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है.

आंसुओं को कमजोरी समझने लगी थीं अरुंधति

अरुंधति ने पत्र में बताया कि बचपन में उनके कुछ दोस्त उन्हें भावनाओं पर काबू रखने की सलाह देते थे. इससे उनके मन में सवाल उठने लगा था कि क्या भावुक होने वाला व्यक्ति मजबूत नहीं हो सकता? इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया. वीडियो में योगी भावुक नजर आ रहे थे. उनके भाई ने समझाया कि योगी की तरह भावुक होने के बावजूद मजबूत बना जा सकता है. इस अनुभव ने अरुंधति को अपनी भावनाओं को अलग नजरिए से देखने में मदद की.

योगी से सीखी मुश्किलों का सामना करने की प्रेरणा

अरुंधति के मुताबिक, इस अनुभव ने उन्हें सिखाया कि मजबूत होने का मतलब अपनी भावनाओं को छिपाना नहीं है. असली साहस मुश्किलों का सामना करने, खुद पर भरोसा बनाए रखने और गिरने के बाद दोबारा खड़े होने में है. उन्होंने पत्र में लिखा, “जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.”


अरुंधति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी प्रेरणा का स्रोत मानती हैं. उनके लिए योगी का जीवन मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगातार प्रयास करते रहने का संदेश देता है.

20 दिसंबर को है अरुंधति और राहुल की शादी

अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होना है. इस खास अवसर पर अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.

उन्होंने पत्र में लिखा, “मेरे लिए आप एक नेता से कहीं बढ़कर हैं. मैंने आपको हमेशा एक बड़े भाई की तरह देखा है, जिसकी यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है.” अरुंधति ने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री व्यस्तता के कारण समारोह में नहीं पहुंच पाते, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए अनमोल होगा.