Kargil Vijay Diwas 2026: कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और देश के शीर्ष नेताओं ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने 1999 के कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी.

@AmitShah X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. सभी नेताओं ने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के साहस, देशभक्ति और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस पर वह मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हैं. उन्होंने कहा कि उनका अद्वितीय साहस, अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं का उत्कृष्ट उदाहरण है. राष्ट्रपति ने कहा कि इन वीरों की शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी.