menu-icon
India Daily

'नीतीश सबसे योग्य', JDU ने इशारों में क्लियर कर दिया है स्टैंड...ये I.N.D.I.A में रार की शुरुआत तो नहीं?

जेडीयू नेता अध्यक्ष ललन सिंह ने नालंदा में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, आपका नेता अब देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार है. उनका इशारा नीतीश कुमार की तरफ था.

Amit Mishra
Edited By: Amit Mishra
'नीतीश सबसे योग्य', JDU ने इशारों में क्लियर कर दिया है स्टैंड...ये I.N.D.I.A में रार की शुरुआत तो नहीं?

Nitish Kumar PM Face Politics: क्या I.N.D.I.A गठबंधन में दरार नजर आ रही है. ये सवाल कई बार सामने आ चुका है. बात करें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की तो वो एक बार नहीं बल्कि कई बार कह चुके हैं कि वो प्रधानमंत्री पद या I.N.D.I.A गठबंधन के भीतर किसी भी पद की चाहत नहीं रखते हैं. भले ही नीतीश कुमार ऐसी ही मंशा रखते हों लेकिन पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता ऐसा नहीं सोचते हैं. इनमें से एक खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (Lalan Singh) हैं.

नीतीश कुमार में देश का नेतृत्व करने के क्षमता

हाल ही में मंत्री लेसी सिंह ने कहा था कि नीतीश कुमार में देश का नेतृत्व करने के क्षमता है. अब पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह ने नालंदा में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, आपका नेता अब देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार है. उन्होंने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश कुमार यहां से विधायक रह चुके हैं. 5 बार सांसद के रूप में काम किया है. केंद्र की सरकारों में रेलवे, कृषि और भूतल परिवहन सहित प्रमुख विभागों को भी संभाला है. लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करने के बावजूद उनके दामन पर आज तक कोई दाग नहीं है. उन्होंने ईमानदारी के साथ देश की सेवा की है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का एक ही धर्म है, वो है सेवाभाव से काम करना. नीतीश कुमार का मानना है कि जब तक वो गद्दी पर हैं तो लोगों की सेवा करेंगे, सेवा कर रहे हैं.

 

सबकी अपनी सियासत, अपने दावे

इसे सियासत कहें का सत्ता की चाहत, हो चाहे जो भी लेकिन I.N.D.I.A गठबंधन में अब पीएम पद के लिए पार्टियां अपने-अपने नेताओं के नाम आगे करने में लगी हैं. जेडीयू ने पीएम पद की इच्छा ना रखने वाले नीतीश को गठबंधन के संभावित पीएम फेस के रूप में पेश किया है. वहीं कुछ कांग्रेस नेता पार्टी के सांसद राहुल गांधी को पीएम के तौर पर चाहते हैं. टीएमसी के नेता भी ममता बनर्जी का नाम आगे कर रहे हैं. सवाल इसीलिए है कि कहीं I.N.D.I.A में दरार तो नहीं.

गठबंधन में चिंता की बात नहीं

इस बीच I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल जेडीयू नेताओं की तरफ से जिस तरह नीतीश को आगे किया जा रहा है उसने कांग्रेस की धड़कन जरूर बढ़ा दी है. इसी को लेकर पूछे गए सवाल को कांग्रेस ने टाल दिया. कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि पीएम पद को लेकर गठबंधन में कोई चिंता की बात नहीं है. गठबंधन में शामिल सभी दल इसी विचार से एकजुट हुए हैं कि संविधान की रक्षा की जानी चाहिए. देश को संविधान के अनुसार चलाया जाना चाहिए.

टीएमसी ने नहीं दी प्रतिक्रिया

टीएमसी ने भी ललन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. जबकि डीएमके के आयोजन सचिव आरएस भारती ने कहा कि पार्टी प्रमुख एम के स्टालिन पहले ही कह चुके हैं कि बीजेपी को केंद्र से बाहर करने से ज्यादा कोई चीज महत्वपूर्ण नहीं है. जहां तक सवाल पीएम का है तो वो चुनाव जीतने के बाद तय हो जाएगा.

यह भी पढ़ें: Ayodhya: राम जन्मभूमि परिसर में खुदाई के दौरान मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष, आप भी देखें तस्वीर