जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने पुंछ और राजौरी जिलों में तबाही मचा दी है. अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से कई घर ढह गए, लोगों की जान चली गई और कई परिवार बेघर हो गए. हालात को देखते हुए प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है.
रविवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश के बाद पुंछ जिले के सुरनकोट और आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं. अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. नूनाबंदी गांव में मकान गिरने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई, जबकि उनके पति और तीन छोटे बच्चे घायल हो गए. लोअर मुर्रा क्षेत्र में भूस्खलन के कारण एक परिवार के छह सदस्य लापता हैं. वहीं संगला गांव में भी बाढ़ के पानी में एक मकान बहने से चार लोगों का पता नहीं चल पाया है.
राजौरी जिले में रातभर हुई बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. हालात को देखते हुए रियासी जिले के सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए, जिसके बाद चेनाब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मछली पकड़ने, नहाने, पशु चराने या नदी पार करने से बचने की सलाह दी है.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया. वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली का दौरा बीच में छोड़कर जम्मू लौटने का फैसला किया ताकि वह खुद राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर सकें. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से बातचीत कर केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से रोक दिया है. वहीं कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों में खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है. प्रशासन ने कटरा में विशेष मॉनसून कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो बाढ़, भूस्खलन, जलभराव और सड़क अवरोध जैसी आपात स्थितियों पर लगातार नजर रख रहा है. यात्रियों और स्थानीय लोगों से प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.