जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन में विस्फोट, 7 लोगों की मौत और 30 घायल
श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात हुए एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें करीब 7 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए.
नई दिल्ली: श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात हुए एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें करीब 7 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए. यह विस्फोट इतना पावरफुल था कि आग की लपटें और घना धुआं आसमान में फैल गया. जो लोग हादसे के समय वहां मौजूद थे और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, इस विस्फोट में इमारत के तहस-नहस होने की पुष्टि हुई है.
खबरों के अनुसार, यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीमें फरीदाबाद में आतंकवाद से जुड़े एक मामले में जब्त किए गए विस्फोटकों की जांच कर रही थीं. बता दें कि पुलिस ने करीब 360 किलोग्राम जब्त की थी, जिसकी जांच चल रही थी. जब्त किए गए कुछ कैमिकल्स को फोरेंसिक लैब भेज दिया गया, लेकिन ज्यादातर स्टेशन पर ही रह गए. पीड़ितों के शवों को श्रीनगर स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष ले जाया गया.
विस्फोट के बाद, सुरक्षा बल स्निफर डॉग्स के साथ इलाके की तलाशी लेने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को सील कर दिया गया. श्रीनगर के उपायुक्त अक्षय लाबरू ने स्थानीय अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. जांच से पता चला कि विस्फोट में इस्तेमाल किए गए कैमिकल मूल रूप से फरीदाबाद के एक किराए के मकान से जब्त किए गए थे.