आतंकी हमले में मारे गए थे पिता, अब बेटी शगुन को भाजपा ने किश्तवाड़ से बनाया उम्मीदवार

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी. पहली लिस्ट में भाजपा ने 15 नामों का ऐलान किया है. इसमें एकमात्र महिला कैंडिडेट शामिल हैं, जिन्हें पार्टी ने किश्तवाड़ से चुनावी मैदान में उतारा है. इससे पहले भाजपा ने 44 नामों की पहली लिस्ट जारी की थी, जिसे वापस ले लिया गया था.

social media
India Daily Live

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने किश्तवाड़ से शगुन परिहार को अपना उम्मीदवार बनाया है. भाजपा की ओर से जारी पहली लिस्ट में शगुन परिहार एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं. भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाए जाने पर शगुन परिहार ने खुशी जताई और पार्टी के नेताओं को धन्यवाद दिया. किश्तवाड़ से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद शगुन परिहार ने कहा कि मैं बहुत आभारी हूं कि मेरी पार्टी ने आज मुझे यह अवसर दिया है. मुझे विश्वास है कि किश्तवाड़ के लोग किश्तवाड़ की इस बेटी को खुले दिल से स्वीकार करेंगे. 

भाजपा प्रत्याशी शगुन परिहार ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ शगुन परिहार या अजीत या फिर अनिल परिहार के परिवारों का नहीं है, बल्कि उन सभी परिवारों का है जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया है. मुझे विश्वास है कि यहां मौजूद हर व्यक्ति मुझे आगे का रास्ता दिखाएगा. ये एक भावनात्मक क्षण है. भाजपा एक बड़ी पार्टी है जो अपने सभी सदस्यों का अपने जैसा ख्याल रखती है.

भाजपा की पहली लिस्ट में और कौन-कौन?

भाजपा की पहली लिस्ट में कुल 15 नाम हैं. इनमें से शगुन परिहार के अलावा, 10 मुस्लिमों को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है, जबकि पहली लिस्ट में ही दो कश्मीरी पंडितों को भी टिकट दिया गया है. 

विधानसभा का नाम उम्मीदवार का नाम
पाम्पोर इंजी. सैयद शौकत गयूर अंद्राबी
राजपोरा अर्शीद भट्ट
शोपियां जावेद अहमद कादरी
अनन्तनाग वेस्ट मोहम्मद रफीक वानी
अनन्तनाग एडवोकेट सैयद वजाहत
श्रीगुफवाड़ा बिजबेहरा सोफी यूसुफ
शानगुस अनन्तनाग ईस्ट वीर सराफ
इन्दरवल तारिक कीन
पाडेर-नागसेनी सुनील शर्मा
भदरवाह दलीप सिंह परिहार
डोडा गजय सिंह राणा
डोडा वेस्ट शक्ति राज परिहार
रामबन राकेश ठाकुर
बनिहाल सलीम भट्ट

जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में होगी वोटिंग

करीब 1 दशक बाद जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराए जा रहे हैं. 2019 में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद राज्य में पहली बार विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजी है. 90 सदस्यों वाली जम्मू-कश्मीर विधानसभा में तीन चरणों में वोटिंग होगी. पहले चरण के लिए 18 सितंबर को, जबकि दूसरे चरण के लिए 25 सितंबर और तीसरे चरण के लिए एक अक्टूबर को वोटिंग होगी. तीन दिन बाद यानी 4 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे.