menu-icon
India Daily

ये खेल नहीं आसान... DMK और NCP (SP) की येस-नो से तय होगा परिसीमन विधेयक का भविष्य; हर दांव चलेगी बीजेपी

केंद्र सरकार ने लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों का मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात बरकरार रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. 

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
ये खेल नहीं आसान... DMK और NCP (SP) की येस-नो से तय होगा परिसीमन विधेयक का भविष्य; हर दांव चलेगी बीजेपी
Courtesy: X

लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार (27 नवंबर) को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संशोधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई. इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा आवंटन के मुकाबले 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है. साथ ही राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक बरकरार रखने की व्यवस्था की गई है.

इस प्रस्ताव के लागू होने पर लोकसभा की निर्वाचित सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर लगभग 816 हो सकती है. विधेयक में कुल सीटों की अधिकतम सीमा 850 रखने का प्रस्ताव है. सरकार का मकसद इस बदलाव के जरिए संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता आसान बनाना है.

दक्षिण भारतीय राज्यों की बड़ी चिंता दूर करने की कोशिश

सरकार के इस फैसले को दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश माना जा रहा है. दरअसल, दक्षिण भारत के राज्यों ने आशंका जताई थी कि अगर परिसीमन केवल जनसंख्या के आधार पर हुआ तो अधिक आबादी वाले उत्तरी राज्यों को ज्यादा सीटें मिल सकती हैं. वहीं, जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व तुलनात्मक रूप से घट सकता है.

तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों की प्रमुख मांग थी कि लोकसभा सीटें बढ़ाते समय किसी राज्य का मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात कम नहीं होना चाहिए. कैबिनेट के नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में 50 फीसदी बढ़ाने और उनके बीच मौजूदा हिस्सेदारी को 2051 तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है.

अप्रैल में गिर गया था संविधान संशोधन विधेयक

केंद्र सरकार ने इससे पहले अप्रैल 2026 में संसद के विशेष सत्र के दौरान संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया था. इसका उद्देश्य लोकसभा की सीटें बढ़ाना और महिला आरक्षण को जल्द लागू करना था. हालांकि, विपक्ष के विरोध और जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था.

विपक्ष की प्रमुख आपत्ति यह थी कि महिला आरक्षण को जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ने पर इसे लागू करने में देरी हो सकती है. नए प्रस्ताव में राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी और उनके मौजूदा हिस्से को सुरक्षित रखने का प्रावधान शामिल किया गया है.

DMK और शरद पवार की NCP पर टिकी नजरें

विधेयक को संसद में पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटाना होगा. ऐसे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को अपने सहयोगियों के अलावा कुछ अन्य दलों के समर्थन की भी जरूरत पड़ सकती है.

तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) का रुख इस मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने मांग की थी कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. साथ ही राज्यों के बीच 1971 की जनगणना के आधार पर तय प्रतिनिधित्व अनुपात को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाना चाहिए.

कैबिनेट के नए प्रस्ताव में इन दोनों चिंताओं को दूर करने की कोशिश की गई है. हालांकि, DMK ने अभी विधेयक के समर्थन को लेकर अंतिम फैसला नहीं किया है.

शरद पवार की पार्टी ने भी रखी थीं शर्तें

NCP (SP) ने भी पहले विधेयक को समर्थन देने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं. पार्टी की प्रमुख मांगों में सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाना और परिसीमन आयोग में विपक्ष को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देना शामिल था.

पार्टी की ओर से महिलाओं के लिए 33 फीसदी के बजाय 50 फीसदी आरक्षण की मांग भी उठाई गई थी. सीटों में समान बढ़ोतरी की उसकी प्रमुख मांग अब कैबिनेट के नए प्रस्ताव में शामिल हो गई है. हालांकि, अन्य मांगों और अंतिम समर्थन को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट होना बाकी है.

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा 2 दिसंबर से बैठेगी. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, संसद की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है.

अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार लोकसभा और राज्यसभा में जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटा पाती है या नहीं. यदि विधेयक पारित होता है तो लोकसभा की संरचना और संसद में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.