डोडा अटैक में शामिल आतंकियों के J&K पुलिस ने जारी किए स्केच, जानकारी देने वालों को मिलेगा लाखों का ईनाम

Doda Terror Attacks: जम्मू कश्मीर फिर से आतंकी हमलों का सामना कर रहा है. बीते कई दिनों से घाटी में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. इस दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस ने डोडा हमले में शामिल आतंकियों को पकड़ने के लिए स्केच जारी किये हैं. पुलिस ने आतंकियों के बारे में जानकारी देने वालों को ईनाम देने का भी ऐलान किया है.

Social Media
India Daily Live

Doda Terror Attacks: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को डोडा जिले में दो हमलों में शामिल चार आतंकवादियों के स्केच जारी किए और उनकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. आतंकियों ने मंगलवार को भद्रवाह के चट्टरगल्ला में 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की थी. बुधवार को सैन्य बलों द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान पर भी आतंकियों ने हमला किया. इस हमले में एक पुलिसकर्मी सहित सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए.

इन हमलों के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस ने आतंकियों की पहचान करने वाले स्केज रिलीज किये हैं और ईनाम का ऐलान किया है. पुलिस का कहना है कि आतंकियों की सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी. 

 

जानकारी देने वाले को मिलेगा इतना ईनाम

जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पोक्सपर्सन ने कहा कि हमने चार आतंकवादियों के स्केच रिलीज किए हैं. हमारा मानना है कि ये आतंकी भद्रवाह, थाथरी, और गंडोह के ऊपरी इलाकों में मौजूद हैं और वहां से आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं. प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस ने आतंकियों के बारे में जानकारी देने वालों को ईनाम देने का फैसला किया है. पुलिस प्रत्येक आतंकी की सूचना देने वाले को पांच लाख रुपये का ईनाम देगी. पुलिस ने स्थानीय लोगों से आतंकियों की मौजूदगी और आवाजाही के बारे में जानकारी देने की अपील की है.

रियासी से हुई शुरुआत 

इन आतंकी हमलों की शुरुआत रविवार से हुई. जब आतंकियों ने शिवखोरी मंदिर से कटरा जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पर फायरिंग कर दी. यह घटना पोनी इलाके के तेरयाथ गांव के नजदीक हुई. इस बस में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, के तीर्थयात्री सवार थे. बस पर फायरिंग होने के बाद बस रियासी जिले की एक खाई में जा गिरी. इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 41 लोग घायल हो गए. इस हमले के बाद कठुआ और डोडा में आतंकी हमले हुए.