iPhone 18 Pro का ऐसा क्रेज, पत्नी के लिए फोन खरीदने को शख्स ने बेच दिया सोना; 3.5 लाख खर्च कर पंजाब से पहुंचा दूल्हा

iPhone 18 Pro की भारत में बिक्री शुरू होते ही स्टोर्स के बाहर खरीदारों की लंबी कतारें दिखीं. नोएडा में एक शख्स ने पत्नी के लिए फोन खरीदने को सोना बेचने की बात कही, जबकि पंजाब से आया खरीदार 3.5 लाख रुपये खर्च कर गया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: Apple के नए iPhone 18 Pro की भारत में बिक्री शुरू होते ही इसके लिए लोगों का उत्साह एक बार फिर देखने को मिला. नोएडा के DLF Mall of India स्थित Apple Store के बाहर सुबह खुलने से पहले ही खरीदारों की लंबी कतार लग गई थी. India Today Tech से बातचीत में कुछ ग्राहकों ने बताया कि वे इस फोन को खरीदने के लिए कितनी दूर से आए हैं. एक दिल्ली निवासी ने दावा किया कि उसने पत्नी के लिए iPhone खरीदने को सोना तक बेच दिया.

नोएडा के Apple Store के बाहर सबसे आगे खड़े दिल्ली निवासी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के लिए iPhone 18 Pro लेने आया है. पत्नी ने Burgundy रंग का फोन लेने की इच्छा जताई थी. उसने बताया कि उसकी पत्नी पहले iPhone इस्तेमाल नहीं करती थी और वह उसे नया फोन देकर अपग्रेड करना चाहता है. खरीदारी के लिए सोना बेचने की बात भी उसने खुद कही. उसका कहना था कि अभी पैसे हैं, इसलिए आज इस इच्छा को पूरा करना चाहता है.

पंजाब से नोएडा पहुंचा होने वाला दूल्हा

iPhone का क्रेज सिर्फ दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं दिखा. पंजाब के गुरदिता सिंह अपने दोस्त के साथ नोएडा पहुंचे थे. उनके दोस्त ने बताया कि गुरदिता की जल्द शादी होने वाली है और वह होने वाली पत्नी को iPhone 18 Pro गिफ्ट करना चाहते हैं. दोनों सुबह करीब 6 बजे से स्टोर के बाहर इंतजार कर रहे थे. गुरदिता ने अपने लिए भी iPhone 18 Pro Max खरीदा और दोनों फोन पर 3.5 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करने की बात कही.


कीमत बढ़ी, फिर भी खरीदार पीछे नहीं हटे

स्टोर पर एक महिला अपने पति के साथ दो iPhone 18 Pro खरीदने पहुंची थी. पिछले मॉडल की तुलना में कीमत बढ़ने के सवाल पर उसने कहा कि कीमत ज्यादा है, लेकिन iPhone पसंद करने वाले लोग इसके लिए ज्यादा भुगतान करने को तैयार हैं. इस दंपति की योजना iPhone Duo लेने की भी थी. उन्होंने बताया कि उनका एक दोस्त हांगकांग से अक्टूबर में लौटते समय यह फोन लेकर आएगा.

हरियाणा से आए खरीदार ने कहा- मैनेज कर लेंगे

हरियाणा से आए विशाल ने भी iPhone की बढ़ी कीमत पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि कीमत आगे और बढ़ती है तो भी उन्हें परेशानी नहीं होगी और वह इसे संभाल लेंगे. स्टोर के बाहर छात्रों, कारोबारियों और नौकरीपेशा लोगों की भी कतार दिखाई दी. कुछ लोग नए iPhone को खरीदने के लिए काम से छुट्टी लेकर पहुंचे थे. Apple ने नोएडा स्टोर पर बिक्री के लिए सुबह 8 बजे का विशेष समय रखा था.

बिना प्री-ऑर्डर पहुंचे लोगों को नहीं मिला फोन

हर ग्राहक को पहले दिन iPhone 18 Pro खरीदने का मौका नहीं मिला. रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोर पर प्राथमिकता प्री-ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को दी गई. उपलब्ध स्टॉक के आधार पर ही वॉक-इन खरीदारों को फोन मिलना था. कुछ लोग इस नियम से अनजान थे और उन्हें खरीदारी का मौका नहीं मिला. iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत भारत में 1,64,900 रुपये और Pro Max की 1,79,900 रुपये है.