menu-icon
India Daily

इंडिगो की फ्लाइट में बम की खबर, वाराणसी से दिल्ली तक हड़कंप, साजिश या शरारत?

नई दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिकोगो की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली है. जैसे ही सूचना मिली, फ्लाइट को आइसोलेट कर दिया गया और अब बम निरोधक दस्ता छानबीन में जुट गए हैं. पढ़ें क्या है पूरा मामला.

India Daily Live
इंडिगो की फ्लाइट में बम की खबर, वाराणसी से दिल्ली तक हड़कंप, साजिश या शरारत?
Courtesy: Social Media

दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली है. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर सुरक्षा अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. बम निरोधक दस्ते के जवान मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं. इससे पहले दिल्ली और गुजरात में कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. अभी तक जो तथ्य सामने आए हैं, वे इस ओर इशारा कर रहे हैं कि यह धमकी किसी शरारती तत्व ने ही दी है.

इंडिगो की यह फ्लाइट दिल्ली से वाराणसी जा रही है. एयरक्राफ्ट को अलग ले जाकर पार्क किया गया है, जिससे अधिकारी छानबीन कर सकें. एविएशन सिक्योरिटी और बम निरोधक दस्ता मौके पर है और बम की तलाश कर रहे हैं. आसपास की जगहों पर भी नजर रखी जा रही है. धमकी टिश्यू पेपर पर केवल बम लिखकर दी गई है.

जैसे ही बम की सूचना मिली, यात्रियों में भी हड़कंप मच गया. लोग अपनी-अपनी सीटों से उतरने के लिए बेचैन नजर आने लगे. यह बम की सूचना गलत है या सही, इसकी भी जांच जारी है. एक महीने के भीतर कई बार अलग-अलग शहरों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. ऐसे में इस धमकी को सरकार बेहद गंभीरता से ले रही है.


दिल्ली फायर सर्विस ने क्या कहा?
दिल्ली फायर सर्विस ने कहा है, 'दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट में बम होने की सूचना सुबह 5.35 पर मिली थी. जैसे ही हमें पता लगा, हम मौके पर पहुंचे. क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) पड़ताल में जुटी है.' दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं. 

दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने क्या कहा?
दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा, 'सभी यात्री सुरक्षित हैं. फ्लाइट की जांच चल रही है. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर लाया गया है. उन्हें इमरजेंसी एग्जिट से रेस्क्यू किया गया है. जैसे ही जांच पूरी होगी, हम सूचित करेंगे.'

कितने यात्री फ्लाइट में थे?
अभी तय तय नहीं हो पाया है कि कितने यात्री फ्लाइट में सवार थे. यह खबर तब सामने आई है, जब एक दिन पहले मुंबई पुलिस को सूचना मिली थी ताज होटल और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उड़ा दिया जाएगा. पुलिस ने छानबीन की लेकिन कुछ नहीं मिला.

साजिश या शरारत?
अभी तक यह लग रहा है कि शरारती तत्वों ने झूठी धमकी दी होगी. रविवार को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि मैकडॉनल्ड में ब्लास्ट हो सकता है. मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ भी हासिल नहीं हुआ. बीते सप्ताह दिल्ली में ही बुधवार को भी नॉर्थ ब्लॉक को उड़ाने की धमकी मिली थी. पड़ताल हुई कुछ भी हासिल नहीं हुआ. किसी ने ईमेल से धमकी दी थी.

दिल्ली-एनसीआर के स्कूल, यूपी के स्कूल, जयपुर, बेंगलुरु और अहमदाबाद के स्कूलों को उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं. ये धमकियां केवल शरारत ही साबित हुईं. अब देखने वाली बात ये है कि इंडिगो की फ्लाइट में क्या हो सकता है. जितनी सघन सुरक्षा एयरपोर्ट पर होती है, बम होने की खबरें, अफवाह से ज्यादा तो नहीं हो सकती हैं.