menu-icon
India Daily

रक्षा मंत्री को एयरपोर्ट लेने गए थे, इंडियन कोस्ट गार्ड के डीजी का हार्ट अटैक से निधन

राकेश पाल पिछले 3 दशक से अधिक समय से भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे. 35 साल से अधिक लंबे कार्यकाल में उन्होंने कई जिम्मेदारियों को निभाया. फरवरी 2022 में उन्हें अपर महानिदेशक बनाया गया था. साल 2013 में उन्हें तटरक्षक पदक और 2018 राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था. 

India Daily Live
रक्षा मंत्री को एयरपोर्ट लेने गए थे, इंडियन कोस्ट गार्ड के डीजी का हार्ट अटैक से निधन
Courtesy: social media

Chennai News: भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक राकेश पाल का रविवार को चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. सीने में दर्द की शिकायत के बाद पाल को राजीव गांधी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. तटरक्षक बल के एक अधिकारी ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा, 'राकेश पाल के पार्थिव शरीर को दिल्ली लाने की व्यवस्था की जा रही है.'

राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि
राकेश पाल के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अस्पताल पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी. राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा, 'भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक राकेश पाल के असामयिक निधन पर गहरा दुख हुआ. वह एक सक्षम और प्रतिबद्ध अधिकारी थे जिनके नेतृत्व में आईसीजी भारत की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में बड़ी प्रगति कर रहा था. उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना.'

राजनाथ सिंह को चेन्नई एयरपोर्ट पर लेने पहुंचे थे

59 वर्षीय राकेश पाल एक आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई में थे, जिसमें राजनाथ सिंह भी शामिल होने वाले थे. खबरों के मुताबिक, जैसे ही पाल राजनाथ सिंह को चेन्नई एयरपोर्ट पर लेने पहुंचे, वह बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें करीब साढ़े तीन बजे  RGGGH अस्पताल लाया गया.

पाल को होश में लाने की पूरी कोशिश की

RGGGH के डीन ई थेरानीराजन ने कहा कि एयरपोर्ट पर ही पाल को होश में लाने के प्रयास किये गए. उन्होंने कहा, 'एम्बुलेंस में उन्हें पांच बार डिफिब्रिलेटर पर रखा गया लेकिन जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो कोई पल्स या ब्लड प्रेशर नहीं था. हालांकि उनका दिल काम कर रहा था.'

डीन ने बताया कि इसके बाद राकेश पाल को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आयनोट्रोपिक दवाएं दीं और उनका दिल फिर से काम करने लगा. डॉक्टरों ने पाया कि बाईं पूर्वकाल अवरोही धमनी पूरी तरह से बंद हो गई थी जिसके बाद उनकी एंजियोग्राम के बाद एंजियोप्लास्टी की गई. हालांकि पाल को गंभीर दिल का दौरा पड़ा और शाम 7 बजे उनकी मौत हो गई.

1989 में भारतीय तटरक्षक बल में शामिल हुए थे पाल
राकेश पाल पिछले 3 दशक से अधिक समय से भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे. 35 साल से अधिक लंबे कार्यकाल में उन्होंने कई जिम्मेदारियों को निभाया. फरवरी 2022 में उन्हें अपर महानिदेशक बनाया गया था. साल 2013 में उन्हें तटरक्षक पदक और 2018 राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था.