नई दिल्ली: सीमा पर मुस्तैद भारतीय सेना के जवानों ने एक बार फिर दुश्मन के नापाक मंसूबों को धूल चटा दी है. शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक सुदूर गांव में सेना ने आतंकियों के गुप्त ठिकाने का भंडाफोड़ किया, वहीं राजौरी में नियंत्रण रेखा (LoC) के रास्ते घुसपैठ की कोशिश को भी नाकाम कर दिया गया. उधर, पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी सेना ने म्यांमार सीमा पर सुरक्षा कवच को और मजबूत किया है.
सेना की 'व्हाइट नाइट कॉर्प्स' ने पुंछ के 'हरि बुड्ढा बाउल' क्षेत्र में एक सटीक सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने एक प्राकृतिक गुफा के भीतर अपना ठिकाना बना रखा था. गहन तलाशी के दौरान जवानों ने वहां से एक पिस्तौल, कुछ मैगजीन और भारी मात्रा में रसद सामग्री बरामद की है. सेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान ने क्षेत्र में निरंतर निगरानी और सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभुत्व को और मजबूती दी है.
पुंछ की कार्रवाई के साथ ही राजौरी जिले में भी भारतीय सेना को बड़ी सफलता मिली. नियंत्रण रेखा के स सुंदरबनी सेक्टर में 'नथुआ टिब्बा' क्षेत्र में गुरुवार तड़के आतंकियों की संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी. सतर्क जवानों ने घुसपैठ की इस कोशिश को नाकाम करते हुए मौके से भारी मात्रा में हथियारों की खेप बरामद की. सेना ने यहां से एक एके राइफल, दो मैगजीन, बैकपैक और भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त किया है.
पूर्वोत्तर में भी भारतीय सेना की 'स्पीयर कॉर्प्स' (Spear Corps) की 'रेड शील्ड डिवीजन' ने एक साहसिक अभियान को अंजाम दिया. घने जंगलों के बीच भारत-म्यांमार सीमा पर करीब 2.6 किलोमीटर लंबे गलियारे को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है. इस डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान सेना ने नौ आईईडी (IED) और दो ऑर्डनेंस सामग्री को नष्ट किया. सरकारी एजेंसियों के अनुरोध पर यह कार्रवाई इसलिए की गई ताकि सीमा पर बाड़ लगाने का जो काम रुका हुआ था, उसे दोबारा शुरू किया जा सके. खुफिया जानकारी मिली थी कि पूर्व उग्रवादी शिविरों की मौजूदगी के कारण यहां विस्फोटक बिछाए गए थे.