नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज उत्तर से दक्षिण तक प्रभावित होने वाले मौसम की चेतावनी जारी की है. सात राज्यों में आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओले गिरने का खतरा है, वहीं दक्षिण के कुछ इलाकों में तापमान में उछाल आएगा. पूर्वोत्तर और मध्य भारत में बारिश का दौर तीन दिन तक जारी रह सकता है. दिल्ली जैसे शहरों में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन हवा की गुणवत्ता अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
राजधानी दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सुबह की हल्की ठंडक रहेगी, लेकिन दोपहर में गर्मी महसूस होगी. हवा की गुणवत्ता सुधरी है, मगर अभी भी ठीक नहीं. प्रमुख स्टेशनों पर सुबह 5 बजे AQI इस प्रकार है- पूसा 268, शादीपुर 245, पंजाबी बाग 264, नॉर्थ कैंपस 259 और मुंडका 268.
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होने की आशंका है. बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना में अलर्ट जारी है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी संभव है. इससे पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
मध्य प्रदेश के भोपाल, खंडवा, खरगोन, मंडला, मंदसौर, मुरैना, नरसिंहपुर, नीमच, निवाड़ी, पन्ना, राजगढ़, रतलाम, रायसेन, सतना, सीहोर, सिवनी, सीधी, सिंगरौली, शिवपुर और शिवपुरी में भारी बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है. असम के चिरांग, दरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़ जैसे जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी है, हवाएं 40-55 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं.
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर में बर्फबारी हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर चलेगा. कर्नाटक में मौसम साफ रहेगा, जबकि केरल के कुछ जिलों में येलो अलर्ट है और दक्षिण में गर्मी बढ़ेगी. यह दौर अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है.