T20 World Cup 2026

अगले 10 दिनों में होनी है I.N.D.I.A अलायंस की बैठक, जानें मीटिंग के एजेंडे में क्या होगा?

2024 के आम चुनाव के लिए भाजपा का सामना करने के लिए बनाई गई I.N.D.I.A गठबंधन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों की ओर से शिकायतों का सामना करना पड़ा था.

Om Pratap

I.N.D.I.A opposition alliance next meeting: भारतीय विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की अगली बैठक अगले 10 दिनों में होनी है. सूत्रों के मुताबिक, शीट शेयरिंग का मुद्दा बैठक के एजेंडे में मुख्य रूप से शामिल होगा. सूत्रों के मुताबिक, I.N.D.I.A की बैठक अगले 10 दिनों में दिल्ली में होने की संभावना है.

हिंदी बेल्ट वाले तीन प्रमुख राज्यों में कांग्रेस की करारी हार (छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी) के बाद कांग्रेस के लिए सीट बंटवारा थोड़ा मुश्किल हो सकता है. सीधे शब्दों में समझा जाए तो तीनों राज्यों में हार के बाद कांग्रेस को मुंहमांगी सीटें नहीं मिल पाएंगी. 

अखिलेश यादव से कांग्रेस ने सुलझाए मतभेद!

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव के साथ अपने मतभेद सुलझा लिए हैं, जिससे पांच राज्यों में हाल के चुनावों के बाद विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक में अखिलेश यादव के शामिल होने के संकेत मिले हैं. 

बता दें कि पिछले हफ्ते होने वाली I.N.D.I.A अलायंस की बैठक को स्थगित कर दिया गया था, क्योंकि अखिलेश यादव, नीतीश कुमार और ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने बैठक में शामिल नहीं होने के संकेत मिले थे. 

कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों से मिली थी शिकायत

2024 के आम चुनाव के लिए भाजपा का सामना करने के लिए बनाई गई I.N.D.I.A गठबंधन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों की ओर से शिकायतों का सामना करना पड़ा था. कहा गया था कि पिछले महीने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने दम पर चुनाव लड़ने पर बल दिया था, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा.