menu-icon
India Daily

अगले 10 घंटे पड़ सकते हैं भारी! IMD की डराने वाली चेतावनी, 15 राज्यों में तूफान और बारिश का डबल अटैक

देशभर में मौसम ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया है. IMD ने अगले 10 घंटों को बेहद संवेदनशील बताते हुए 15 राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
अगले 10 घंटे पड़ सकते हैं भारी! IMD की डराने वाली चेतावनी, 15 राज्यों में तूफान और बारिश का डबल अटैक
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कहीं तेज गर्मी लोगों को झुलसा रही है तो कहीं आंधी और बारिश ने डर का माहौल बना दिया है. भारतीय मौसम विभाग ने 15 राज्यों के लिए हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ घंटे बेहद अहम साबित हो सकते हैं.

दिल्ली से लेकर बिहार और तमिलनाडु तक मौसम का असर अलग-अलग रूप में दिखाई देगा. कुछ राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी, जबकि कई इलाकों में लू और धूल भरी आंधी का खतरा बना रहेगा. मौसम विभाग ने खासतौर पर बिजली गिरने और पेड़ टूटने जैसी घटनाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.

राजधानी में गर्मी के बीच तूफान का खतरा

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार रात मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक तेज धूल भरी हवाएं, बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना है. अगले दो दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

यूपी में गर्म हवाओं के साथ बढ़ी बेचैनी

उत्तर प्रदेश के कई शहर इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं. बांदा, प्रयागराज और झांसी में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने दक्षिणी इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है. हालांकि कुछ जिलों में तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है.

बिहार में सबसे ज्यादा डराने वाला अलर्ट

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा और कटिहार समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

राजस्थान में फिर लौटेगी झुलसाने वाली गर्मी

राजस्थान में एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ने वाला है. जयपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में तेज गर्मी के साथ आंधी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में लू का असर और ज्यादा बढ़ सकता है.

मध्य भारत में बारिश और गर्मी दोनों का असर

मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम उलझन भरा बना हुआ है. कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि कई शहरों में पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है. उज्जैन, रीवा, सतना और विदिशा में मौसम तेजी से बदलने के संकेत मिले हैं.

पहाड़ों और दक्षिण भारत में भी बिगड़े हालात

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं तमिलनाडु में बंगाल की खाड़ी से बने दबाव के कारण कई जिलों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे संवेदनशील बताए हैं.