देश के इन राज्यों में आंधी-बारिश का बड़ा अलर्ट, IMD ने दी ये चेतावनी

IMD ने 6 जून को 19 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. चलिए जानते हैं क्या है वेदर अपडेट.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 6 जून को 19 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा. 

IMD के मुताबिक मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय मौसमीय सिस्टम के कारण बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ी हैं. दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कई हिस्सों में तेजी से प्रगति की है और आने वाले 48 से 72 घंटों में महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश तथा पूर्वोत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है. 

मौसम विभाग ने क्या दी है चेतावनी?

मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में अगले सात दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. केरल के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना भी जताई गई है. पूर्वोत्तर राज्यों में भी लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है. 

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. 

कितना रहेगा तापमान?

दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इसके बाद 7 जून से मौसम साफ होने और तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है. 

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद और आगरा समेत कई जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं. पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 

उत्तराखंड के देहरादून, मसूरी, नैनीताल, पौड़ी और रुद्रप्रयाग में बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, मंडी, कांगड़ा और चंबा में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. 

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और देवघर सहित कई जिलों में 6 से 8 जून के बीच बारिश होने का अनुमान है.