menu-icon
India Daily

वीकेंड पर बिगड़ा मौसम का मिजाज, तूफानी बारिश और आंधी का अलर्ट; IMD ने 9 राज्यों के लिए जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने 4 अप्रैल से अगले कुछ दिनों तक उत्तर और पूर्वी भारत के 9 राज्यों में तूफानी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
वीकेंड पर बिगड़ा मौसम का मिजाज, तूफानी बारिश और आंधी का अलर्ट; IMD ने 9 राज्यों के लिए जारी की चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर से बदलाव का रुख दिखा रहा है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वी राज्यों तक बारिश और तूफान की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, 4 अप्रैल से बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कुल 9 राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली चमकने की चेतावनी है. खासतौर पर 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की आंधी लोगों की मुश्किल बढ़ा सकती है. किसान भाई खेतों में सावधानी बरतें, क्योंकि वज्रपात और ओलावृष्टि से फसलों का नुकसान हो सकता है.

उत्तर भारत में बारिश-आंधी का सिलसिला

दिल्ली और आसपास के इलाकों में 4 और 5 अप्रैल को तेज हवा के झोंकों के साथ बारिश होने की उम्मीद है. इस दौरान ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, लखनऊ और कानपुर में 4 से 6 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट है. हरियाणा और पंजाब में भी 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है.

बिहार और उत्तराखंड में सतर्कता जरूरी

बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच पटना, चंपारण, गया और रोहतास जैसे जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और वज्रपात की प्रबल संभावना है. 60 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में 4 से 7 अप्रैल तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है. यहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है.

हरियाणा, हिमाचल और राजस्थान का हाल

हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, गुरुग्राम और रेवाड़ी में 4-5 अप्रैल को तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में येलो अलर्ट जारी है, जहां ओलावृष्टि भी संभव है. राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अलवर और भीलवाड़ा में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की आंधी के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी है.

पूर्वी भारत में बिजली और तूफान का खतरा

पूर्वी राज्यों में स्थिति थोड़ी अलग है. बिहार के अलावा झारखंड में 4 से 7 अप्रैल तक मूसलाधार बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलेंगी. ओडिशा में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ 70 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाएं संभव हैं. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 5 से 8 अप्रैल के दौरान भारी बारिश-आंधी का अलर्ट है. किसानों को खेतों में काम करते समय खास सावधानी बरतनी चाहिए.

मध्य और अन्य क्षेत्रों में मौसम का मिजाज

मध्य प्रदेश के भोपाल, सतना, जबलपुर क्षेत्र और छत्तीसगढ़ में 4 से 7 अप्रैल तक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं. पश्चिमी भारत में महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत के केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी गरज-बिजली के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

पूर्वोत्तर में हल्की बारिश लेकिन बिजली सतर्क

पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य राज्यों में 4 से 6 अप्रैल के आसपास हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं. कुल मिलाकर, देश के बड़े हिस्से में मौसम की यह सक्रियता फसलों के लिए चुनौती पैदा कर सकती है, इसलिए हर कोई IMD के अपडेट पर नजर रखे.