Hyderabad News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. कहानी कुछ ऐसी है कि एक लड़की को टीवी एकंर से पहली नजर में प्यार हो जाता है. इसके बाद लड़की शादी के लिए प्रपोजल भेजती है, जिसे टीवी एंकर ठुकरा देते हैं. फिर लड़की, टीवी एंकर से बदला लेने के लिए उसका पीछा करती है, गुंडों से उसे किडनैप कराती है, पिटाई भी करवाती है. आखिर में टीवी एंकर की शिकायत के बाद लड़की को गिरफ्तार कर लिया जाता है. आइए जानते हैं प्यार, इनकार और बदला की अनोखी कहानी.
मामला हैदराबाद के उप्पल इलाके का है. पीड़ित की पहचान प्रणव के रूप में हुई है, जो एक टीवी एंकर है. वहीं, आरोपी महिला की पहचान भोगिरेड्डी तृषा के रूप में हुई है, जो बिजनेसवुमन है. दरअसल, तृषा शादी के लिए अच्छे लड़के की तलाश में थी. उसने शादी के लिए मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई. शादी के लिए लड़का सर्च करने के दौरान उसे एक प्रोफाइल दिखी. लड़के की प्रोफाइल पिक्चर को देखने के बाद ही तृषा को उससे प्यार हो गया.
तृषा ने प्रोफाइल के बारे में पता किया और उससे मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ही बातचीत (चैटिंग) शुरू कर दी. हालांकि कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि प्रोफाइल में फोटो असली है लेकिन जो उस प्रोफाइल को हैंडल करता है, वो टीवी एंकर नहीं है. उसने बस टीवी एंकर की फोटा का यूज किया है. इस जानकारी के बाद भी तृषा, टीवी एंकर से शादी की जिद पर अड़ गई. उसने जानकारी जुटाई, जिसके बाद उसे पता चला कि जो फोटो में दिख रहा है वो टीवी चैनल में एंकर है और उसका नाम प्रणव है.
डिजिटल मार्केटिंग और पांच स्टार्टअप कंपनियों की फाउंडर मेंबर तृषा ने जानकारी जुटाने के बाद प्रणव के पास शादी का प्रपोजल भेजा. कुछ दिनों बाद प्रणव की ओर से शादी का प्रपोजल ठुकरा दिया गया. प्रणव की ओर से इनकार किए जाने के बाद तृषा का 'मिशन बदलापुर' शुरू हुआ. उसने प्रणव का पीछा करना शुरू किया और हर तरीके से उसे मनाने की कोशिश की. लेकिन प्रणव की ओर से हर बार इनकार के बाद तृषा ने अनोखी साजिश रची. तृषा ने कुछ लोगों को प्रणव को किडनैप करने और जबरदस्ती उससे शादी करने के लिए दबाव डालने का काम सौंपा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तृषा एंकर प्रणव का अपहरण करने के लिए चार लोगों को काम पर रखा. आरोपियों ने प्रणव की कार में ट्रैकिंग डिवाइस लगाया और उसका पीछा करने लगे. 11 फरवरी को आरोपियों ने प्रणव को किडनैप कर लिया और उसके साथ मारपीट की. इस दौरान जबरन प्रणव से कबूल कराया गया कि वो तृषा से शादी करेगा. हालांकि, जैसे ही प्रणव अपराधियों के कब्जे से छूटा, पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की और आरोपी तृषा को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, मामले की जांच पड़ताल जारी है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि 31 साल की तृषा डिजिटल मार्केटिंग कंपनी चलाती है. तृषा दो साल पहले भारत मैट्रिमोनी वेबसाइट के जरिए चैतन्य रेड्डी नाम के एक अज्ञात व्यक्ति के संपर्क में आई. जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ी, दोनों ने व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर चैट करना शुरू कर दिया. इसके बाद तृषा को चैतन्य रेड्डी की ओर से अपनी कंपनी में इन्वेस्ट और अच्छा रिटर्न का ऑफर दिया गया. पुलिस के अनुसार, तृषा ने यूपीआई के जरिए चैतन्य रेड्डी को 40 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन पैसे मिलने के बाद चैतन्य नाम का शख्स तृषा से बातचीत करने से बचने लगा.
ठगे जाने का अहसास होने पर तृषा ने उस प्रोफाइल पर दिए गए फोन नंबर पर संपर्क किया, जो टीवी एंकर प्रणव का निकला. पुलिस ने बताया कि आरोपी चैतन्य ने टीवी एंकर प्रणव की तस्वीर का इस्तेमाल किया था और भारत मैट्रिमोनी पर फर्जी अकाउंट बनाया था. जानकारी के बाद तृषा ने साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई. पूछताछ में ये भी सामने आया कि तृषा, आरोपी चैतन्य रेड्डी की प्रोफाइल पिक्चर में दिख रहे शख्स से प्यार करने लगी थी. धोखाधड़ी के अहसास के बावजूद तृषा, टीवी एंकर प्रणव से शादी की जिद पर अड़ गई थी और उसने पूरी वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने 22 फरवरी को आरोपी तृषा को गिरफ्तार कर लिया.