T20 World Cup 2026

लगातार हत्याओं से बढ़ी चिंता, 2 हफ्तों में 9 मर्डर; हैदराबाद पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में हाल के दिनों में हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है. पिछले दो हफ्तों में शहर के अलग-अलग इलाकों से कम से कम नौ हत्याओं की खबर सामने आई है. जिस कारण अब हैदराबाद पुलिस ने बालापुर पुलिस स्टेशन के नेतृत्व में 40 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम बनाई है.

Pinterest
Meenu Singh

तेलंगाना: हैदराबाद में हाल के दिनों में हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है. पिछले दो हफ्तों में शहर के अलग-अलग इलाकों से कम से कम नौ हत्याओं की खबर सामने आई है. इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए हैं. हैदराबाद पुलिस ने बालापुर पुलिस स्टेशन के नेतृत्व में 40 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम बनाई है.

 40 सदस्यीय विशेष टीम का गठन

बता दें हैदराबाद पुलिस ने बालापुर पुलिस स्टेशन की निगरानी में 40 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम बनाई गई है. यह टीम उन इलाकों में गश्त कर रही है, जिन्हें अपराध के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है. पुलिस का मकसद अपराधों को रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है.

बालापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुधाकर ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी जरूरी काम के देर रात घर से बाहर न निकलें.

वायरल हुआ वीडियो

पुलिस की गश्त और कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में पुलिसकर्मी देर रात वाहनों की जांच करते और संदिग्ध लोगों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं.

एक मामले में पुलिस ने एक संकरी गली में खड़े ऑटो रिक्शा में बैठे व्यक्ति को संदिग्ध मानकर पीछा किया, लेकिन वह मौके से भाग निकला. इसके अलावा, देर रात एक खेल परिसर में क्रिकेट खेल रहे लोगों को भी पुलिस ने रोका, ताकि शांति और सुरक्षा बनी रहे.

रोहिंग्या कैंप में हत्या की घटना

हाल की सबसे गंभीर घटना बालापुर स्थित रोहिंग्या कैंप में हुई. 17 दिसंबर की रात करीब 1:30 बजे नशे में हुए विवाद के बाद एक 19 वर्षीय रोहिंग्या युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. आरोपी ने युवक पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आरोपी भी उसी समुदाय का है.

इसके अलावा नवंबर महीने में केएसआर नगर में एक महिला कृष्णावेणी की कथित तौर पर उनके पति द्वारा घरेलू विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी. बता दें महिला के दो बच्चे हैं, जोकि फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं. इन सभी घटनाओं के बाद समुदाय और धार्मिक नेताओं ने हिंसा की निंदा की है. साथ ही उन्होंने लोगों से आपसी विवादों को शांतिपूर्वक तरीके से सुल्झाने को कहा है. अगर मामला तब भी शांत न हो तो कानून से मदद लें.