menu-icon
India Daily

डॉक्टर ने कार में बैठकर खुद को लगाया जहर का इंजेक्शन, पत्नी पर लगा आरोप

हैदराबाद में एक डॉक्टर ने कार में जहर का इंजेक्शन लगाकर जान दे दी. परिवार ने पत्नी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
डॉक्टर ने कार में बैठकर खुद को लगाया जहर का इंजेक्शन, पत्नी पर लगा आरोप
Courtesy: x

हैदराबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 40 वर्षीय डॉक्टर ने कथित तौर पर अपनी कार में जहर का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली. यह मामला उस समय सामने आया जब राहगीरों ने सड़क किनारे खड़ी कार में डॉक्टर को बेहोश हालत में देखा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शुरुआती पड़ताल में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. अब इस केस में पारिवारिक विवाद का एंगल भी जुड़ गया है.

 सड़क किनारे खड़ी कार में मिला शव

यह घटना हैदराबाद के आउटर रिंग रोड के पास की है, जहां एक राहगीर ने कार में एक व्यक्ति को बेहोश देखा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कार के अंदर एक खाली सिरिंज और हाथ में लगी कैनुला मिली, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई गई.

पारिवारिक विवाद आया सामने

मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में जनरल फिजिशियन थे. उनके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनका बेटा लंबे समय से पत्नी के व्यवहार से मानसिक तनाव में था. इसी कारण उसने यह कदम उठाया. इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है.

 पत्नी के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारी अब परिवार के अन्य सदस्यों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. साथ ही फोन रिकॉर्ड और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

जांच में जुटी पुलिस टीम

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डॉक्टर के पास जहर कैसे पहुंचा और क्या उसने इस कदम से पहले किसी से बातचीत की थी. अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.