जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक सरकारी स्कूल की इमारत पर पहाड़ से गिरी बड़ी चट्टान ने मासूम जिंदगी को लील लिया. इस हादसे में पहली कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए.
यह घटना पुंछ जिले के कलसा भैंच इलाके स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल की है. सोमवार सुबह जब स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, तभी अचानक पास के पहाड़ से एक विशाल पत्थर लुढ़ककर स्कूल की इमारत पर गिर गया. चट्टान की चपेट में आने से 6 वर्षीय छात्र एहसान अली की मौत हो गई. हादसे के वक्त स्कूल में बच्चे मौजूद थे, जिससे भगदड़ मच गई और पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. गंभीर रूप से घायल बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों में मोहम्मद सफीर, बिलाल फारूक, आफताब अहमद और तोबिया कौसर शामिल हैं.
पुंछ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीए खान ने पुष्टि करते हुए बताया कि पहाड़ से भारी चट्टान सीधे स्कूल की इमारत पर आ गिरी थी, जिससे दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है. घायलों को समय पर इलाज मिल गया, जिससे उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पहाड़ से चट्टान गिरने की वजह प्राकृतिक थी या इसमें कोई निर्माण संबंधी लापरवाही रही. इस दर्दनाक घटना ने इलाके में मातम का माहौल बना दिया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.