पाकिस्तान की ISI और बांग्लादेश के चरमपंथी संगठनों के इशारे पर दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश रचने के आरोप में आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है.
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों का हैंडलर मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और सीनियर कमांडर जकी-उर रहमान लखवी समेत लश्कर के शीर्ष नेतृत्व के सीधे संपर्क में था. हैंडलर की पहचान कश्मीरी आतंकी शब्बीर अहमद लोन के रूप में हुई है जो इस समय बांग्लादेश में छुपा हुआ है. शब्बीर साल 2007 से ही लश्कर के संपर्क में है.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शब्बीर ही वह आतंकी है जो कॉर्डिनेशन में अहम रोल निभाता था. साल 2007 में उसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था तब से वह हाफिज सईद और लखवी के साथ सीधे संपर्क में था.
जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के भी शामिल होने का पता चला है. ISI भारत में गैर कानूनी ढंग से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को आतंकी हमले करवाने के लिए भर्ती करने का प्रयास कर रही है.
बता दें कि भारत की खुफिया एजेंसियों ने सूचना दी थी कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा (LeT) ने कथित तौर पर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रची है जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार को यहां लाल किले के पास विस्फोट की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया था.
तलाशी के दौरान पुलिस को संदिग्धों के कब्जे से दर्जनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए, जिनकी विदेशी संबंधों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह समूह आईएसआई और बांग्लादेश स्थित कुछ चरमपंथी संगठनों से जुड़े लोगों के संपर्क में था. सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसियां जांच में मदद कर रही हैं. सूत्रों के अनुसार, इंटेलिजेंस एजेंसियों ने संकेत दिया था कि LeT आईईडी से हमले को अंजाम दे सकता है. यह भी कहा गया था कि यह संगठन 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के प्रयासों से जुड़ा है.