'मैं बहुत खुश हूं...' PM मोदी को अपशब्द कहने वाली लड़की का एक और वीडियो, माफी के लिए कहा धन्यवाद

जंतर-मंतर पर वायरल वीडियो से जुड़े विवाद में संबंधित लड़की ने नया वीडियो जारी कर खुद को 15 वर्षीय छात्रा बताया है. उसने माफी मांगने के साथ धमकियां मिलने और एफआईआर में गलत जानकारी दर्ज होने का दावा किया है.

@venom1s X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली रुचिका सिंह का एक और वीडियो सामने आया है. ताजा वीडियो में वो पीएम को माफी के लिए धन्यवाद कह रही हैं. उसने कहा कि वह 25 वर्ष की नहीं, बल्कि 15 वर्ष की 10वीं कक्षा की छात्रा है. साथ ही उसने अपने बयान पर पछतावा जताते हुए माफी भी मांगी है. लड़की ने अपने वीडियो में कहा कि वह अपनी इच्छा से प्रदर्शन में शामिल होने नहीं गई थी.

उसके अनुसार वह कनॉट प्लेस गई थी और वहां से जंतर-मंतर पहुंची, जहां कुछ लोगों ने उसे माइक लेकर अपनी बात रखने के लिए कहा. उसने दावा किया कि उसे बताया गया था कि वह अपनी इच्छा से कुछ भी कह सकती है. लड़की का कहना है कि उसने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने का अनुरोध भी किया था.

'मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री ने मुझे माफ कर दिया'

मीडिया से बातचीत के दौरान रुचिका सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माफ कर दिया. उन्होंने कहा कि वह इस फैसले का सम्मान करती हैं और इसे अपने लिए एक नया अवसर मानती हैं. रुचिका ने बातचीत में यह भी कहा कि वह भविष्य में अपनी बात अधिक जिम्मेदारी और संयम के साथ रखने की कोशिश करेंगी.


लड़की ने और क्या बताया?

लड़की ने यह भी दावा किया कि उसके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर में उसका नाम, उम्र और पता गलत दर्ज किया गया है. उसके अनुसार वह नाबालिग है और दसवीं कक्षा की छात्रा है. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों या न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से होना अभी बाकी है.

लेटेस्ट वीडियो में क्या आया सामने?

वीडियो में लड़की ने दावा किया कि उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक हो गया है और उसे अज्ञात लोगों से लगातार फोन तथा गंभीर धमकियां मिल रही हैं. उसने कहा कि इन घटनाओं के कारण वह मानसिक तनाव में है. इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.

लड़की ने अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि उसे अपनी कही गई बातों का पछतावा है और वह लगातार माफी मांगती रहेगी. दूसरी ओर इस मामले में पुलिस की जांच जारी है. मामले से जुड़े सभी तथ्य जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.