IPL 2026

राहुल गांधी के बाद लोकसभा में गौरव गोगोई बनेंगे कांग्रेस की आवाज, पार्टी ने नियुक्त किया उपनेता

Gaurav Gogoi: लोकसभा में राहुल गांधी के बाद कांग्रेस की आवाज गौरव गोगोई बनेंगे. पार्टी ने उन्हें विपक्ष का उपनेता नियुक्त किया है. पार्टी की ओर से इस संबंध में चिट्ठी लिखकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को जानकारी दी गई है. कांग्रेस के गौरव गोगोई को उनके बोलने की शैली के लिए जाना जाता है. गौरव गोगोई असम की जोरहाट सीट से लोकसभा सांसद चुने गए हैं. पार्टी ने गौरव गोगोई के अलावा, मुख्य सचेतक और दो सचेतकों की नियुक्ति की भी जानकारी दी है.

Social Media
India Daily Live

Gaurav Gogoi: कांग्रेस ने रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर गौरव गोगोई को सदन में पार्टी का उपनेता नियुक्त किए जाने की जानकारी दी. इस घोषणा के साथ ही कांग्रेस की ओर से लोकसभा स्पीकर को जानकारी दी गई कि पार्टी के सांसद कोडिकुन्निल सुरेश को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है, जबकि कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर और मोहम्मद जावेद को सचेतक नियुक्त किया गया है.

कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में इन नई नियुक्तियों की पुष्टि की. 

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने एक्स हैंडल पर लिखा कि कांग्रेस सांसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के लिए उपनेता, मुख्य सचेतक और दो सचेतकों की नियुक्ति के बारे में सूचित किया है.

वेणुगोपाल के एक्स पोस्ट के मुताबिक...

उपनेता- गौरव गोगोई

मुख्य सचेतक - कोडिकुन्निल सुरेश

सचेतक - 1. मणिकम टैगोर

              2. डॉ. एमडी जावेद

वेणुगोपाल ने लिखा कि नए नियुक्तियों को बधाई. उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस और भारतीय दल लोकसभा में लोगों के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएंगे.

कौन हैं गौरव गोगोई?

4 सितंबर 1982 को जन्मे गौरव गोगोई 17वीं लोकसभा में भी कांग्रेस पार्टी के उपनेता थे. वे असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे हैं. राजनेता बनने से पहले गौरव गोगोई 2005 तक एयरटेल में जॉब करते थे. एयरटेल की नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने दिल्ली की एक गैर सरकार संगठन यानी NGO के लिए काम किया. गौरव गोगोई ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से मास्टर इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन किया है. इससे पहले उन्होंने सेंट कोलंबिया स्कूल से ग्रैजुएशन किया था. फिर दिल्ली की इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन की पढ़ाई की.

न्यूयॉर्क से मास्टर्स करने के बाद भारत लौटे गौरव पार्टी में शामिल होकर काम करने लगे. 2014 में उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा और 4.43 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से चुनाव जीता. 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्हें जीत हासिल हुई थी. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की नेटवर्थ 4 करोड़ 90 लाख 61 हजार 120 रुपए है.