बृजभूषण हों या केजरीवाल, राउज एवेन्यू कोर्ट में ही क्यों होती है VIP नेताओं के केस की सुनवाई?

दिल्ली का राउज एवन्यू कोर्ट. देश के किसी भी बड़े राजनेता या VIP से जुड़ा मामला हो, केस की सुनवाई यहीं चलती है. पी चिदंबरम, लालू यादव, डीके शिवकुमार से लेकर अरविंद केजरीवाल तक, हर अहम केस की सुनवाई इसी कोर्ट में होती है. क्या ये दिग्गज हस्तियों के लिए बनाई गई स्पेशल कोर्ट है, या आम मामलों की भी सुनवाई यहां होती है? जानिए अपने हर सवाल का जवाब.

India Daily
India Daily Live

कभी आपने सोचा है जब भी देश की बड़ी राजनीतिक हस्ती फंसती है तो उसकी सुनवाई दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में ही हो क्यों होती है. देश में अदालतों की तो कोई कमी नहीं है. कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, अदालतों की कोई गिनती नहीं है फिर भी दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में ही अक्सर बड़े मैटर्स की सुनवाई होती है. अगर आपको इसका जवाब नहीं पता है तो हम बताते हैं.
 
दिल्ली हाई कोर्ट ने हाल ही में एक फैसले में कहा था कि सांसदों और विधायकों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली स्पेशल कोर्ट, राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व सांसद-विधायकों से भी जुड़े मामलों की सुनवाई कर सकते सकती है.  दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में कई विशेष अदालते हैं लेकिन सांसदों और विधायकों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए  राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष अदाल की बनाई गई है. 

क्या है ऐसी अदालतों का मकसद?

राउज एवेन्यू कोर्ट के सीनियर वकील पवन कुमार बताते हैं कि स्पेशल कोर्ट बनाने के पीछे सिर्फ ये मसकद है कि इन मामलों की सुनवाई जल्दी हो और सही प्रक्रिया के तहत हो. सामान्य अदालतों में ऐसे केस भेजे जाने से साक्ष्यों और गवाहों को प्रभावित किया जा सकता है, क्योंकि आमतौर पर दूसरी अदालतों में लंबित मामलों की सुनवाई प्रक्रिया थोड़ी धीमी होती है. अदालतों पर बहुत बोझ है. एमपी-एमएलए कोर्ट पर ऐसा बोझ नहीं होता है.  

कहां बने हैं ये स्पेशल कोर्ट?

राउज एवेन्यू कोर्ट के ही एक वकील अभिषेक सक्सेना बताते हैं कि स्पेशल कोर्ट राउज एवेन्यू कोर्ट के ही कॉम्प्लेक्स में बने हैं. ये राउज एवेन्यू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बने हैं. साल 2019 में इसका निर्माण हुआ था. बीते 5 साल में इन विशेष अदालतों में न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई है. इन अदालतों में हर पार्टी से जुड़े लोगों का नाम शामिल है. कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं का ट्रायल, राउज एवेन्यू में चल रहा है.

किन बड़े नेताओं का यहां चल रहा है केस?

सुप्रीम कोर्ट और राउज एवेन्यू कोर्ट में PMLA से जुड़े मामलों को देखने वाले एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड विशाल अरुण मिश्र बताते हैं कि राउज एवेन्यू कोर्ट में कई ऐसी विशेष अदालते हैं, जिनमें सांसद-विधायकों के खिलाफ केस चल रहे हैं. ईडी और CBI की स्पेशल कोर्ट भी यहां है. सांसद और विधायकों की स्पेशल (MP-MLA Court) भी यहीं हैं. इस कोर्ट में पूर्व वित्तमंत्री रहे पी चिदंबरम के खिलाफ INX मीडिया केस में इस कोर्ट में ही सुनवाई हो रही है. 

राउज एवेन्यू कोर्ट में ही कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार का भी एक मामला चल रहा है है. वे मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में फंसे हैं. रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न वाले मामले की सुनवाई भी इसी कोर्ट में चल रही है. दिल्ली आबकारी नीति में कथित घोटाले को लेकर मनीष सिसोदिया के खिलाफ भी इसी कोर्ट में सुनवाई चल रही है. 

एडवोकेट विशाल अरुण मिश्र बताते हैं कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी आबकारी नीति में इसी केस में सुनवाई चल रही है. सत्येंद्र जैन भी मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसे हैं, उनकी भी सुनवाई इसी कोर्ट में हो रही है. लालू यादव पर लगे IRCTC केस की सुनवाई भी इसी कोर्ट में चल रही है. तेजस्वी यादव भी IRCTC केस में फंसे हैं, उनकी भी सुनवाई इसी कोर्ट में हो रही है. कई बड़े नाम ऐसे हैं, जिनके खिलाफ इसी अदालत में केस चल रहा है.