कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के अनुसार, अंतिम सूची से कुल 5,46,053 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. इस संशोधन के बाद राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या अब 7,04,59,284 रह गई है.
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया देशभर में चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है. चुनाव आयोग ने 24 जून 2025 को पूरे भारत में इस अभियान की घोषणा की थी. अब तक पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. हालांकि, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले यह मुद्दा राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है.
The Election Commission of India today released the voter lists for West Bengal following the Special Intensive Revision (SIR)
— ANI (@ANI) February 28, 2026
As of February 28, 2026, there are a total of 70,459,284 voters in the state. 546,053 voters have been deleted from the list (Form 7) pic.twitter.com/KZ81fWZds0
चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची का यह विशेष पुनरीक्षण नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका उद्देश्य सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाना है. दूसरी ओर सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि यह प्रक्रिया राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) जैसी है और इसके जरिए मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस प्रक्रिया का खुलकर विरोध कर रही हैं. एसआईआर आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं में सीएम ममता बनर्जी का नाम भी शामिल है. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि लाखों वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटने का खतरा है. उनके अनुसार, यह सामान्य संशोधन नहीं बल्कि जानबूझकर नाम हटाने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि कथित विसंगतियों का हवाला देकर वास्तविक मतदाताओं को सूची से बाहर किया जा रहा है.
चुनाव आयोग ने राज्य में अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है और लोगों को अपना नाम जांचने की सुविधा दी है. मतदाता कई तरीकों से सूची में अपना नाम देख सकते हैं. इसके लिए ECINET मोबाइल ऐप, चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और पश्चिम बंगाल मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceowestbengal.wb.gov.in का उपयोग किया जा सकता है. इसके अलावा मतदाता अपने मतदान केंद्र पर जाकर या संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर भी जानकारी ले सकते हैं.
यदि कोई मतदाता वेबसाइट पर अपना नाम देखना चाहता है तो उसे पहले voters.eci.gov.in पर जाना होगा. वहां 'सेवाएं' अनुभाग में 'मतदाता सूची डाउनलोड करें' विकल्प चुनना होगा. इसके बाद राज्य में पश्चिम बंगाल, संशोधन वर्ष 2026 और सूची प्रकार में एसआईआर अंतिम मतदाता सूची 2026 का चयन करना होगा. जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनकर कैप्चा भरने के बाद अपने मतदान केंद्र की सूची डाउनलोड की जा सकती है.