भारत के इस राज्य में फैला Eye Flu का संक्रमण, 26 अगस्त तक स्कूलों को किया गया बंद
नॉर्थ ईस्ट के राज्य नागालैंड में आई फ्लू का कहर देखने को मिल रहा है. हालात ये हैं कि यहां 26 अगस्त तक तीन जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. आई फ्लू को कंजक्टिवाइटिस भी कहा जाता है.
Eye Flu Schools Closed In Nagaland: मौसम में बदलाव के साथ खासकर बरसात के मौसम में संक्रमण फैलना आम बात है. लेकिन भारत (India) में आई फ्लू का संक्रमण राजधानी दिल्ली (Delhi) से सुदूर नॉर्थ ईस्ट तक नजर आ रहा है. आई फ्लू तेजी से फैलने वाला संक्रमण है, जो इस मौसम में तेजी से फैलता है. हालात ये हैं कि आई फ्लू (Eye Flu) के बढ़ते मामलों को देखते हुए नागालैंड (Nagaland) के तीन जिलों में एक सप्ताह के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं. दीमापुर, चुमौकेदिमा और नुइलैंड में 26 अगस्त तक स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया है.
तेजी से बढ़ रहा है Eye Flu का संक्रमण
स्कूलों को बंद करने की घोषणा करते हुए, चुमौकेदिमा, दीमापुर और न्यूलैंड के उपायुक्तों ने अलग-अलग आदेशों में कहा कि यहां स्कूल सोमवार से 26 अगस्त तक बंद रहेंगे. विशेषकर बच्चों में आई फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं. अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद, ये फैसला लिया गया है.
होती हैं ये परेशानियां
इस बीच यहां ये भी बता दें कि इस फ्लू को कंजक्टिवाइटिस भी कहा जाता है. इसमें आंखों में जलन, दर्द और लालिमा जैसी परेशानियां देखने को मिलती हैं. इस बीमारी का मुख्य कारण एलर्जिक रिएक्शन होता है. ये संक्रमण किसी भी उम्र में हो सकता है, लेकिन ज्यादातर ये बच्चों को चपेट में लेता है.
इन बातों का रखें ध्यान
हाथों की साफ-सफाई है जरूरी: आई फ्लू के ट्रांसमिशन रोकने के लिए हाथों को कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से साफ करना चाहिए. सार्वजनिक वाहन में सफर करते समय हैंडरेल्स, डोर नॉब और सीटों को छूने से बचना चाहिए. हमेशा हैंड सैनिटाइजर साथ रखें और इसे यूज करें.
चेहरे को टच ना करें: जब भी सार्वजनिक परिवहन से सफर करें तो अपने फेस को छूने से बचें. आंख, नाक और मुंह को बिल्कुल भी टच ना करें.
चश्मा जरूर पहनें: जब भी सार्वजनिक परिवहन से सफर करें तो काला चश्मा पहनें. इससे एयरबोर्न कणों से सुरक्षा होती है.
दूरी बनाकर रखें: आई फ्लू से बचने के लिए इससे पीड़ित लोगों से दूरी बनाकर रही रखें. भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें.
टिशू का इस्तेमाल करें: अगर आंखों में जलन या खुजली हो रही है और उसे छूना है तो हाथ से नहीं बल्कि टिशू का इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें: Sunny Deol: 'लोग गलत मतलब निकालेंगे..' बंगले की नीलामी पर सनी देओल ने तोड़ी चुप्पी