इंजन में लगी आग... एयर इंडिया की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट में मचा हड़कंप
बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2802 में इंजन में आग की आशंका के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी.
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया. एयर इंडिया की बेंगलुरु-दिल्ली उड़ान AI-2802 में इंजन में आग लगने की आशंका जताई गई. पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी. एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. विमान को प्राथमिकता के आधार पर रनवे पर उतारा गया.
उड़ान के दौरान सामने आई तकनीकी आशंका
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2802 गुरुवार शाम बेंगलुरु से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. उड़ान सामान्य तरीके से चल रही थी लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले विमान के एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी और आग जैसी स्थिति की आशंका महसूस हुई. इसके बाद पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया. हालात को गंभीर मानते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया. इसके बाद तुरंत रनवे और फायर सेफ्टी टीमों को अलर्ट पर रखा गया.
दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई इमरजेंसी लैंडिंग
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान रात करीब 9:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 29 आर पर सुरक्षित तरीके से उतरा. लैंडिंग के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतजाम काफी कड़े कर दिए गए थे. फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और रेस्क्यू स्टाफ पहले से रनवे के पास तैनात थे. विमान के रुकते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बाद में विमान को टो करके निर्धारित स्थान तक ले जाया गया. घटना के चलते कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा. हालांकि, रात 10:18 बजे रनवे पर सामान्य गतिविधियां दोबारा शुरू कर दी गईं.
एयर इंडिया और अधिकारियों की जांच शुरू
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी इस पूरे मामले की जांच कर रही है. संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है. एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं. विमान के इंजन में वास्तव में आग लगी थी या केवल तकनीकी संकेत मिला था. इसकी जांच विशेषज्ञों की टीम करेगी.
और पढ़ें
- 'तेजी से काम करें, जनता पर ध्यान दें', पीएम मोदी की मंत्रियों के साथ चार घंटे तक चली बैठक, मिडिल ईस्ट पर हुई चर्चा
- IPL 2026 से बाहर हुई चेन्नई सुपर किंग्स, शुभमन गिल की गुजरात ने तोड़ा घमंड
- 'सिगरेट पीने से रोका तो...' ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में दबंगों ने युवक पर बरसाए मुक्के और थप्पड़; VIRAL VIDEO