दिशा सालियान की मौत के मामले में बड़ा अपडेट, CBI की FIR में आदित्य ठाकरे-रिया चक्रवर्ती के नाम
दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. FIR में आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों के नाम हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जाएगी.
नई दिल्ली: दिशा सालियान की मौत के करीब छह साल बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद CBI ने अब FIR दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है. FIR में शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे, उनके पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा रिया चक्रवर्ती, डिनो मोरिया और सूरज पंचोली का भी उल्लेख है. हालांकि, नाम दर्ज होना किसी व्यक्ति के खिलाफ अपराध साबित नहीं करता.
CBI की FIR में आदित्य ठाकरे और उद्धव ठाकरे के अलावा रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, डिनो मोरिया और सूरज पंचोली के नाम शामिल हैं. इनके अलावा आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाझे और परमबीर सिंह, DCP विशाल ठाकुर और तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख समेत कई पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच का उल्लेख है. मालवणी पुलिस थाने से जुड़े अधिकारियों और पोस्टमार्टम से जुड़े डॉक्टरों का भी नाम है.
पोस्टमार्टम और पुलिस जांच भी दायरे में
FIR में कलिना फॉरेंसिक साइंस लैब से जुड़े अधिकारियों और रिजेंट गैलेक्सी बिल्डिंग के सुरक्षा कर्मचारियों का भी उल्लेख किया गया है. CBI पुराने जांच रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम और मामले को संभालने के तरीके की भी पड़ताल करेगी. इससे पहले बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस बात पर सवाल उठाया था कि इतने वर्षों तक मामले में FIR दर्ज नहीं हुई और जांच दुर्घटना से हुई मौत की रिपोर्ट तक सीमित रही.
Also Read
8 जून 2020 को हुई थी दिशा की मौत
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई की एक इमारत से गिरने के बाद मौत हुई थी. उस समय उनकी मौत को Accidental Death Report के तहत दर्ज किया गया था. उनकी मौत के छह दिन बाद 14 जून को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई थी. दोनों घटनाओं के बीच समय का अंतर होने के कारण दिशा का मामला लंबे समय से सार्वजनिक चर्चा और विवाद का विषय बना रहा है.
पिता ने CBI को बताए कई नाम
दिशा के पिता सतीश सालियान ने CBI के सामने अपना बयान दर्ज कराया है. उन्होंने जांचकर्ताओं को उन लोगों के नाम बताए, जिनकी भूमिका की जांच की मांग उन्होंने की है. उन्होंने आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और बॉडीगार्ड्स का उल्लेख किया. सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भी CBI जांच का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे दिशा की मौत से जुड़े सवालों का सच सामने आएगा.