Bomb Threat: दिल्ली पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के कई शॉपिंग मॉल और अस्पतालों को मंगलवार को बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल मिले हैं. इनमें चाणक्य मॉल, सेलेक्ट सिटी वॉक, एंबियंस मॉल, डीएलएफ, सिने पोलिस, पैसिफिक मॉल, प्राइमस हॉस्पिटल और यूनिटी ग्रुप जैसे प्रमुख मॉल शामिल हैं. धमकी भरे ईमेल में कहा गया था कि विस्फोटक कुछ ही घंटों में फट जाएगा.
मॉल अधिकारियों ने जैसे ही ये ईमेल देखे, तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया. धमकी भरे ईमेल के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है . बम निरोधक दस्ते और दमकल गाड़ियां इन जगहों पर पहुंच गई हैं. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक किसी बम का पता नहीं चला है.
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के कई अस्पतालों को भी ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ईमेल में धमकी दी गई है कि आप सभी खून के तालाब में समा जाएंगे...आपमें से कोई भी जीवित रहने के लायक नहीं है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि सभी धमकी भरे ईमेल का पैटर्न एक जैसा है, लेकिन इनमें डेटलाइन का उल्लेख नहीं किया गया है. अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आगे की जांच चल रही है.
गुरुग्राम के एंबियंस मॉल में बम की धमकी तीन दिन में दूसरी बार मिली. तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. एसीपी विकास कौशिक ने प्रेस को बताया कि एंबिएंस मॉल के प्रशासन को एक ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि मॉल में बम रखा गया है. जब हमें सूचना मिली, तो बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्वाट टीम समेत सभी टीमें मौके पर आ गईं. उन्होंने कहा कि हमने मॉल को सैनिटाइज करना शुरू कर दिया है. अभी तक हमें मॉल में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. हमारी साइबर टीमें ईमेल भेजने वाले का पता लगा रही हैं.
गुरुग्राम पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया या ईमेल के माध्यम से बम की धमकी संबंधी भ्रामक या झूठी जानकारी देता हुआ पाया गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.