बढ़ते प्रदूषण को देख दिल्ली सरकार का फैसला, अगले दो दिन बंद रहेंगे स्कूल
Delhi Air Pollution: दिल्ली में हवा की गुणवत्ता के चलते अगले दो दिनों तक सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे.
Delhi Air Pollution: राजधानी में खराब होती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रहने का आदेश दिया गया है. मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है. दिल्ली में गुरुवार शाम 5 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 402 दर्ज किया गया. प्रदूषण नियंत्रण पैनल ने मीटिंग में स्कूल बंद करने और ऑनलाइन कक्षाएं चलाने की बात कही थी.
केंद्र सरकार ने दिल्ली की खराब होती हवा को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में गैर-जरूरी निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी है. राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंच चुका है. इसको देखते हुए दिल्ली में ग्रैप के तीसरे चरण को भी लागू कर दिया गया है.
शुक्रवार को बुलाई गई बैठक
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण स्तर के मद्देनजर पर्यावरण मंत्री गोपाल राय शुक्रवार को 12 बजे सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक करेंगे. पंजीकृत हल्के कमर्शियल व्हीकल और डीजल वाले ट्रकों और मध्यम और भारी माल वाहनों की दिल्ली में एंट्री करने पर पाबंदी रहेगी.
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब है. कई जगहों पर AQI 500 के पार पहुंच चुका है. बढ़ते वायु प्रदूषण से वैज्ञानिक भी चिंतित हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस खराब हवा से बच्चों और बुजुर्गों अस्थमा और फेफड़ों संबंधी समस्या बढ़ सकती है. इस हवा में बहुत ही सावधानी बरतने की जरूरत है.
15 नवंबर तक ऐसे ही रहेगा प्रदूषण
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की मानें तो 15 नवंबर तक वायु प्रदूषण का खतरा ऐसे ही बना रहेगा. अगले कुछ दिनों तक हमें बहुत ही सावधानी बरतने की जरूरत है. पंजाब और हरियाणा पराली जलाने से उसका प्रदूषण राजधानी दिल्ली में आता है. पंजाब सरकार ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि इस साल पराली जलाने के मामलों में 50 फीसदी की कमी आए.
यह भी पढ़ें- Delhi Air Pollution: दिल्ली की हवा घोंट रही दम, टूट गया 3 साल का रिकॉर्ड, GRAP का तीसरा चरण लागू