दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी, चक्रवात अर्नब का असर

दिल्ली-NCR में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से घने बादल छाए हैं. मौसम विभाग ने आंधी, बिजली और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

@airnewsalerts
Sagar Bhardwaj

दिल्ली-NCR में 29 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदल गया. बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात अर्नब के असर के बीच राजधानी और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद घने बादल छा गए. सुबह के समय भी कई जगह तेज बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. शाम के समय भी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की स्थिति बनी रह सकती है.


 कल भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को भी दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश जारी रह सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

 नवंबर की शुरुआत में सुधरेगा मौसम

पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को मौसम में सुधार हो सकता है और आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. 1 और 2 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला या मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.