Delhi: केजरीवाल कैबिनेट में फेरबदल, आतिशी को मिला कानून विभाग...जानें बड़ी बात 

Delhi Cabinet Reshuffle: दिल्ली की मंत्री आतिशी को कानून मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है. इससे पहले ये जिम्मेदारी कैलाश गहलोत निभा रहे थे. 

Amit Mishra

Delhi Politics: दिल्ली में केजरीवाल सरकार की कैबिनेट में फेरबदल किया गया है. दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी (Atishi) को अब कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले कैलाश गहलोत के पास ये जिम्मेदारी थी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के मंत्रिमंडल में फेरबदल के प्रस्ताव को एलजी वीके सक्सेना ने मुहर लगा दी है. अब महिला एवं बाल विकास मंत्रालय कैलाश गहलोत (Kailash Gehlot) संभालेंगे. अभी तक आतिशी के पास ये मंत्रालय था.

क्यों लिया गया फैसला?

दिल्ली में न्यायिक ढांचे एवं प्रशासन से जुड़े कई विकास कार्य लंबित हैं. जिसके कारण अरविंद केजरीवाल सरकार ने ये फैसला किया है. हाल ही में एलजी सक्सेना ने न्यायिक ढांचे एवं प्रशासन से जुड़ी सरकार के पास 6 माह से लंबित फाइलों को 3 दिन के भीतर मांगा था. उसके बाद ही केजरीवाल सरकार ने ये फैसला किया है.

आतिशी के पास हैं ये विभाग

केजरीवाल सरकार के मंत्रियों में आतिशी के पास अब सबसे ज्यादा विभाग हैं. इससे पहले अक्टूबर में उन्हें जल विभाग का दायित्व दिया गया था. इसके पहले जून में आतिशी को राजस्व, योजना एवं वित्त विभागों का प्रभार जिम्मेदारी दी गई थी. कैलाश गहलोत के पास ही पहले ये विभाग थे. विभागों के बंटवारे से साफ है कि आतिशी को केजरीवाल मंत्रिमंडल में ज्यादा अहमियत मिली है. कैलाश गहलोत के पास अब गृह, प्रशासनिक सुधार, परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभार हैं.