साइक्लोन अर्नब का तांडव, 12 राज्यों में आफत की बारिश; कहीं ओले तो कहीं बर्फबारी का अलर्ट
साइक्लोन अर्नब और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है.
अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम ने ऐसा रुख बदला है कि कई राज्यों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है. साइक्लोन अर्नब और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 अक्टूबर को 12 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा. आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के कारण करवा चौथ पर चांद के दर्शन में भी देरी हुई. राजधानी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की आशंका जताई गई है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
यूपी के 49 जिलों में बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में रातभर कई इलाकों में बारिश हुई. IMD ने शुक्रवार को 49 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. इनमें 43 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और छह जिलों में तेज बारिश व आंधी के लिए ऑरेंज अलर्ट है. बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है.
Also Read
बिहार में भी बिगड़ सकता है मौसम
बिहार में साइक्लोन अर्नब का असर दिखाई दे रहा है. खासकर उत्तरी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश
मध्य प्रदेश के मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट है. बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, शहडोल और अनूपपुर सहित कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज बारिश की आशंका जताई गई है.
राजस्थान में तापमान गिरने के आसार
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है.
उत्तराखंड में बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन
केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब और आदि कैलाश समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है. 30 और 31 अक्टूबर को पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है. 30 अक्टूबर को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.