दिल्ली शराब घोटाला मामले में मनीष सिसोदिया को राहत नहीं, कोर्ट ने 10 जनवरी तक बढ़ाई न्यायिक हिरासत
दिल्ली की एक अदालत ने कथित दिल्ली शराब घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत को 10 जनवरी, 2024 तक के लिए बढ़ा दिया है.
Delhi Liquor Scam: दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है. दिल्ली की एक अदालत ने कथित घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सिसोदिया की न्यायिक हिरासत को 10 जनवरी, 2024 तक के लिए बढ़ा दिया है.
ईडी के आवेदन पर मांगा आरोपियों का जवाब
स्पेशल जज एम.के. नागपाल ने मामले में अतिरिक्त दस्तावेज दाखिल करने की अनुमति मांगने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दायर एक आवेदन पर सिसोदिया और अन्य आरोपियों से जवाब भी मांगा है.
आरोपियों को दस्तावेज उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
न्यायाधीश ने आरोपियों को 10 जनवरी तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने ईडी को 10 जनवरी को होने वाली सुनवाई से पहले सभी आरोपियों को 540 पन्नों के अतिरिक्त दस्तावेजों की प्रति उपलब्ध कराने का भई निर्देश दिया. वहीं ईडी ने अदालत से इस मामले की हर-रोज सुनवाई का अनुरोध किया था जिस पर कोर्ट ने सुनवाई स्थगित कर दी.
न्यायाधीश ने कहा कि फिलहाल मामला दस्तावेजों की जांच के चरण में है और इस चरण के समाप्त होने के बाद आरोपियों पर आरोप तय हो जाने के बाद मुकदमा शुरू होगा. कोर्ट ने कहा कि ईडी के आवेदन पर उचित समय पर विचार किया जाएगा.
क्या था दिल्ली शराब घोटाला
गौरतलब है कि दिल्ली आबकारी नीति 2020-21 को बनाने और उसके कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार में कथित भूमिका निभाने के लिए केंद्रीय अन्वेशषण ब्यूरो (CBI) ने 26 जनवरी को सिसोदिया को गिरफ्तार किया था. तब से मनीष सिसोदिया हिरासत में हैं.