T20 World Cup 2026

Under 19 World Cup: भारत ने फाइनल में ली रॉयल एंट्री, अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर रचा इतिहास; एरॉन-वैभव ने गेंदबाजों को कूटा

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में भारत ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. अफगानिस्तान पर जीत के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है.

@BCCI
Anuj

नई दिल्ली: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में भारत ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. भारत की युवा टीम ने अहम मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया है. अब फाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड की टीम से होगा. फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाएगा. अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने सबसे बड़ा रन चेज कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. 

भारत ने U19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल तक का सफर बिना हारे तय किया है. उन्होंने ग्रुप स्टेज में USA, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराकर टॉप पर जगह बनाई और फिर सुपर सिक्स राउंड में जिम्बाब्वे और पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया. इसके बाद भारत ने सेमीफाइनल में जीतकर फाइनल में अपना स्थान किया पक्का.

अफगानिस्तान ने जीता टॉस

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. अफगान बल्लेबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया. अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 310 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. किसी भी अहम मुकाबले में यह स्कोर जीत की गारंटी माना जाता है.  

शिनोजादा-नियाजाई की शतकीय पारी

अफगानिस्तान के दो बल्लेबाजों ने शतक जमाया और भारतीय गेंदबाजों को संयम के साथ सामना किया. फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजाई ने शतकीय पारी खेली. फैसल ने 110 और उजैरुल्लाह नियाजाई ने नाबाद 101 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए दीपेश औ कनिष्क ने 2-2 विकेट लिए. इन दोनों गेंदबाजों के अलावा अन्य भारतीय गेंदबाजों को विकेट नहीं मिले.

भारत की दमदार बल्लेबाजी

वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी रही. सलामी बल्लेबाजों ने टीम को दमदार शुरूआत दी. एरॉन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर जीत की नींव रखी. वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 9 चौके लगाए. 

एरॉन जॉर्ज का शतक

एरॉन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 115 रनों की मैच जीताऊ पारी खेली. इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान आयुष मात्रे ने भी अर्धशतक लगाया और फाइनल मैच से पहले फॉर्म में वापसी की. विहान मल्होत्रा ने नाबा 38 रनों की पारी खेली. भारत ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई.