'जनता के बीच रहना होगा, राज्यों में जीतना होगा...', कांग्रेस ने 2024 के नतीजों से क्या-क्या सीखा?
CWC Meeting: कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि अच्छे मुद्दों और सबकी मेहनत की वजह से जीत मिली है लेकिन अभी और मेहनत की जरूरत है. कांग्रेस नेताओं ने प्रस्ताव पारित करके राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की मांग की है.
'कांग्रेस का रिवाइवल शुरू हो गया है...', कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग के बाद के सी वेणुगोपाल के इन शब्दों ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जान फूंक दी है. लोकसभा चुनाव 2024 में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद है. प्रदर्शन में सुधार के बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कमियां स्वीकार की हैं. उन्होंने अपने नेताओं को नसीहत भी दी कि जीते सांसदों को जनता के बीच रहना होगा और उनके लिए काम करना होगा. अपने संबोधन में मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं को कहा कि राज्यों में जीतकर ही पार्टी को मजबूत किया जा सकेगा. इस मीटिंग में कांग्रेस नेताओं ने प्रस्ताव पारित किया है कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाया जाए.
CWC मीटिंग के बाद के सी वेणुगोपाल ने कहा, 'CWC ने एक सुर में राहुल गांधी से अनुरोध किया है कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का बद लें. इस चुनाव में हमने बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं के मुद्दे और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाए. यह जरूरी है कि सदन में भी इन मुद्दों को लगातार उठाया जाए. ऐसे में हमारा मानना है कि राहुल गांधी ही सबसे बेहतर व्यक्ति हैं जो सदन के अंदर इस कैंपेन को जारी रख सकते हैं. राहुल गांधी ही विपक्ष के असली नेता हैं.
Also Read
'सुधार की है जरूरत'
अच्छे प्रदर्शन के बावजूद 99 सीटें जीतने वाली कांग्रेस के अध्यक्ष खड़गे ने आगे कहा, 'जहां हम कुछ राज्यों में कांग्रेस पार्टी के अच्छे प्रदर्शन पर खुश हैं, तो उन राज्यों पर भी खास तौर से गौर करना होगा, जहां कांग्रेस पार्टी की संभावनाओं और अपेक्षाओं के विपरीत परिणाम आए. जहां हमने विधानसभा में अच्छा प्रदर्शन कर सरकार बनाई लेकिन लोकसभा में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए. इन सभी बातों पर हम जल्दी ही अलग से चर्चा करेंगे. जो तत्कालिक कदम उठाना होगा, वो भी हम उठाएंगे.
उन्होंने आगे कहा, 'हम जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हैं. देश की जनता के एक बड़े तबके ने हम पर भरोसा किया है. हम उनका भरोसा बरक़रार रखने के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे. हमें अनुशासित रहना है, हमें एकजुट रहना है. हमारा काम निरंतर जारी रहेगा, चाहे हम सत्ता में हो या नहीं. हमें 24 घंटे, 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा, जनता के मुद्दों को उठाना होगा. कुछ महीनों में महत्वपूर्ण राज्यों के चुनाव होने हैं, हमें हर क़ीमत पर विरोधी दलों को परास्त कर, अपनी सरकार बनानी है. लोग बदलाव चाहते है, हमें उनकी ताक़त बनना होगा.'
INDIA गठबंधन पर भी बोले खड़गे
लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए INDIA गठबंधन के सहयोगियों की तारीफ करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'इस बैठक में मैं अपने इंडिया गठबंधन के साथी दलों की सराहना भी खास तौर पर करना चाहूंगा. विभिन्न राज्यों में सभी सहयोगी दलों ने अहम भूमिका निभाई, हर पक्ष ने यथासंभव योगदान दिया, एक स्वर में साथ रहे. INDIA गठबंधन के साथियों के साथ हम संसद और संसद के बाहर एकजुट होकर और मिलकर काम करेंगे. जिन अहम मुद्दों पर हम चुनाव अभियान में गए वे आम जनता के सरोकार के मुद्दे हैं इसलिए वे हमेशा हमारी ध्यान में रहेंगे. संसद और संसद के बाहर जनता के इन सवालों को हम लगातार उठाते रहेंगे.'