US Israel Iran War

गैस संकट खत्म! देश में कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति हुई बहाल, पेट्रोलियम मंत्रालय ने की खास अपील

पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल हो गई है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और घबराहट की जरूरत नहीं है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते भारत में गैस की किल्लत को लेकर मचे हाहाकार पर अब विराम लगता दिख रहा है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य कर दी गई है. आपूर्ति में आई अस्थायी बाधा के बाद अब स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है. केंद्र सरकार ने आम जनता और व्यवसायियों को भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन का भंडार सुरक्षित है. 

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहम जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि देश के 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में व्यावसायिक सिलेंडरों का वितरण फिर से शुरू हो चुका है. हाल के दिनों में आपूर्ति को लेकर जो अनिश्चितता बनी थी, उसे अब दूर कर दिया गया है. व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अब उनकी जरूरत के हिसाब से एलपीजी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि बाजार में स्थिरता बनी रहे.

पैनिक बुकिंग से बचने की अपील 

सरकार ने जनता से आग्रह किया है कि वे घबराहट में आकर अतिरिक्त सिलेंडर बुक करने से बचें. सुजाता शर्मा के अनुसार, बाजार में यह गलत धारणा बन गई थी कि गैस खत्म हो सकती है, जिससे बुकिंग में भारी उछाल आया. मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि पैनिक बुकिंग से वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव पड़ता है. लोगों को केवल आवश्यकतानुसार ही बुकिंग करनी चाहिए क्योंकि देश में गैस का पर्याप्त भंडार है.

क्रूड और रिफाइनरी की मजबूत स्थिति 

कच्चे तेल और रिफाइनिंग क्षमताओं को लेकर भी मंत्रालय ने स्थिति साफ की है. भारत के पास कच्चे तेल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और हमारी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं. पेट्रोलियम मंत्रालय ने आश्वस्त किया है कि अंतरराष्ट्रीय हलचल के बावजूद घरेलू बाजार में ईंधन की उपलब्धता पर कोई आंच नहीं आएगी. सरकार हर स्तर पर निगरानी कर रही है ताकि तेल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए.